Edited By Punjab Kesari, Updated: 30 Jun, 2017 04:54 PM
चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के हांगकांग के एेतिहासिक दौरे के दौरान आज चीन की सेना ने अपनी ताकत का भरपूर प्रदर्शन किया। शी का स्वागत नारे लगाते सैनिकों ने किया...
हांगकांग: चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के हांगकांग के एेतिहासिक दौरे के दौरान आज चीन की सेना ने अपनी ताकत का भरपूर प्रदर्शन किया। शी का स्वागत नारे लगाते सैनिकों ने किया, इसके साथ ही वहां मिसाइल लांचर, टैंक भी प्रदर्शित किए गए।
विरोध प्रदर्शन करने के कारण गिरफ्तार किए गए कार्यकर्ताओं को पुलिस हिरासत के आजाद करने के कुछ घंटों बाद यह शक्ति प्रदर्शन किया गया। ब्रिटेन द्वारा चीन को हांगकांग लौटाए जाने की 20वीं वर्षगांठ के अवसर पर शी यहां के दौरे पर आए थे। वर्षगांठ समारोह पर भी शक्ति प्रदर्शन ही हावी रहा। बड़े पैमाने पर चलाए गए सुरक्षा अभियान के चलते शहर का बड़ा हिस्सा बंद कर दिया गया था।लगभग 80 लाख लोगों की स्वतंत्रता पर बीजिंग की कठोर होती पकड़ से नाराज प्रदर्शनकारियों को दूर रखने के लिए हजारों पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।
ब्रिटेन ने एशिया के वित्तीय केंद्र का नियंत्रण वर्ष 1997 में चीन के हाथ में दे दिया था। उसके बाद से यह सबसे बड़ी सैन्य परेड है। ग्रामीण उत्तरी हांगकांग में हवाईपट्टी पर पीपल्स लिबरेशन आर्मी के सैनिकों की कतारों के बीच से शी खुली जीप में निकले। उन्होंने जवानों का निरीक्षण किया। वायुसेना,नौसेना और थलसेना के जवानों की कतारों के बीच से जब शी निकले तो उन्होंने कहा कॉमरेड नमस्कार, इस पर जवानों ने जवाब दिया नमस्कार चेयरमैन। 8 मिनट तक चले इस दिखावे में हवाईपट्टी पर बख्तरबंद वाहन खड़े थे जिन पर मिसाइल लांचर लगे थे और सेना के हेलिकाप्टर भी थे।
हांगकांग में चीन की सैन्य ताकत का यह दुर्लभ प्रदर्शन था। यहां पर आमतौर पर चीन अपनी मौजूदगी को ज्यादा प्रदर्शित नहीं करता। वर्ष 2013 में सत्ता में आने के बाद से शी का यह तीन दिवसीय दौरा यहां का पहला दौरा है। गिरफ्तार किए गए 26 कार्यकर्ताओं को शुक्रवार तड़के पुलिस हिरासत से मुक्त कर दिया गया था। उन लोगों ने कैद किए जाने के विरूद्ध हाई कोर्ट जाने की चेतावनी दी थी।