Edited By Updated: 29 Feb, 2016 06:14 PM
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने नरेंद्र मोदी...
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने नरेंद्र मोदी सरकार के वर्ष 2016-17 के आम बजट में भी बिहार और किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस बजट को पास माक्र्स भी देना मुश्किल है। कुमार ने बजट में बिहार की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार के लिए प्रधानमंत्री ने जो विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा की थी उसके लिए बजट में कोई प्रावधान नहीं किया गया है जिससे राज्य के लोगों को घोर निराशा हुई है।
उन्होंने कहा कि यह बिहार के साथ केन्द्र सरकार के भेद-भाव को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक तो प्रस्तावित राशि के आवंटन पर ध्यान नहीं दिया गया, वहीं दूसरी ओर राज्यों पर 40 प्रतिशत तक का अतिरिक्त बोझ डाल दिया गया है, जो उचित नहीं। उन्होंने कहा कि बजट से किसानों को भी निराशा हुई है। इस बार के बजट में भी उनका बोनस गायब है। नरेन्द्र मोदी ने वादा किया था कि केन्द्र में उनकी सरकार बनने पर किसानों को उनके उत्पादन लागत पर 50 प्रतिशत जोड़कर न्यूनतम समर्थन मूल्य दिया जाएगा। कुमार ने मोदी सरकरा ने काले धन के मुद्दे पर भी जनता के साथ धोखा दिया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के इस बजट को पास माक्र्स भी देना मुश्किल है।