Edited By Ramanjot, Updated: 10 Sep, 2026 11:44 AM

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोहसीन अख्तर के सड़क पर पानी गिराने पर संजय सिंह ने आपत्ति जताई थी। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे से भिड़ गए और मारपीट शुरू हो गई।
मोतिहारी: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के पताही थाना क्षेत्र में सड़क पर पानी गिराने को लेकर हुए विवाद में बुधवार देर शाम दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष में देवर-भाभी की मौत हो गयी, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पताही थाना क्षेत्र की जिहुली पंचायत के जमुनी टोला में सड़क पर पानी गिराने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था। इसी बात पर कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई।
इस दौरान धारदार हथियार से हमला किए जाने से मरीना खातून (35), जमील अख्तर (36) और मोहसीन अख्तर (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद तीनों घायलों को पताही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए मरीना खातून और जमील अख्तर को प्राथमिक उपचार के बाद मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। दोनों रिश्ते में देवर-भाभी थे। घायल मोहसीन अख्तर का उपचार चल रहा है और उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- झारखंड में 12 सितंबर तक होगी भारी बारिश, मौसम विभाग ने इन जिलों में जारी किया येलो अलर्ट
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोहसीन अख्तर के सड़क पर पानी गिराने पर संजय सिंह ने आपत्ति जताई थी। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे से भिड़ गए और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान धारदार हथियार से हमला किये जाने की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ स्थिति को नियंत्रित किया। दो लोगों की मौत के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। पुलिस स्थिति पर नजर रख रही है।
यह भी पढ़ें- बाढ़ प्रभावित किसानों को हरसंभव सहायता देगी बिहार सरकार, कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट
पताही थानाध्यक्ष बबन कुमार ने बताया कि घटना में तीन लोग घायल हुए थे, जिनमें दो की इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों, विवाद में शामिल लोगों की भूमिका और हमले की परिस्थितियों की जांच कर रही है।