Edited By Nitika, Updated: 01 Sep, 2021 04:28 PM
बिहार के सारण जिले में प्रेमिका को अपनाने के लिए प्रेमी ने जोखिम भरा तरीका अपनाया। दरअसल, प्रेमी अपनी प्रेमिका को लेने के लिए उसका रिश्तेदार बनकर ससुराल तक पहुंच गया।
सारणः बिहार के सारण जिले में प्रेमिका को अपनाने के लिए प्रेमी ने जोखिम भरा तरीका अपनाया। दरअसल, प्रेमी अपनी प्रेमिका को लेने के लिए उसका रिश्तेदार बनकर ससुराल तक पहुंच गया। उसने परिजनों को जल्दी से विदाई करने का दवाब बनाया, जिस पर ससुरालवालों को शक हुआ। उन्होंने लड़की के मायके फोन कर सारा सच पता किया। वहीं आशिक की सारी चाल समझकर ससुराल वालों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मामला सारण जिले के छपरा का है, जहां पर सहाजितपुर थाना क्षेत्र के छितौनी गांव निवासी सत्य प्रकाश तिवारी की प्रेमिका की पिछले साल दिसंबर में दूसरे लड़के के साथ शादी हो गई थी। अपनी प्रेमिका की कमी उसे हमेशा खलती रहती थी। अपनी प्रेमिका से जुदाई उसे जब बर्दाश्त नहीं हुई तो उसने एक जोखिम भरी तरकीब निकाली। वैसे तो सत्य प्रकाश पहले भी लड़की का रिश्तेदार बोलकर अपनी प्रेमिका से मिलता रहता था लेकिन इस बार उसने सिर्फ मिलने की नहीं बल्कि उसे भगा लेने की बात सोची। इसी बीच वह सीधे अपनी प्रेमिका के घर पहुंचा और खुद को लड़की का रिश्तेदार बताकर उसे विदा करने को कहा।
वहीं परिजनों को लड़के पर शक हुआ तो उन्होंने तुरंत लड़की के मायके फोन किया। मायके वालों ने विदाई संबंधी सारी बात को नकार दिया। इसके बाद परिजनों ने लड़की के आशिक को पकड़ लिया। बता दें कि लड़की को ले जाने का विरोध करने पर प्रेमी हाथापाई पर उतर आया। इसके बाद मामला बढ़ता देख परिजनों ने युवक को पुलिस के हवाले कर दिया।