Edited By Ramanjot, Updated: 25 Dec, 2020 03:49 PM
बिहार के राज्यपाल फागू चौहान एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें नमन किया।
पटनाः बिहार के राज्यपाल फागू चौहान एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें नमन किया।
नीतीश कुमार ने शुक्रवार को यहां एक, अणे मार्ग स्थित लोक संवाद में स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें शत्-शत् नमन किया एवं अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं राज्यपाल फागू चैहान ने राजभवन में स्व. वाजपेयी की तस्वीर पर माल्यार्पण करते हुए अपना नमन निवेदित किया। उन्होंने वाजपेयी के जीवनादर्शों एवं संदेशों से प्रेरणा ग्रहण करते हुए सभी देशवासियों एवं बिहारवासियों से राष्ट्रीय नव-निर्माण में योगदान करने का अनुरोध किया। कार्यक्रम में राजभवन के सभी अधिकारियों एवं कर्मियों ने भी भारतरत्न स्व. वाजपेयी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए अपनी श्रद्धा निवेदित की।
उल्लेखनीय है कि वाजपेयी जी की आज 96वीं जयंती है। वह तीन बार देश के प्रधानमंत्री रहे। वह हिंदी कवि, पत्रकार और एक प्रखर वक्ता थे। वे भारतीय जनसंघ के संस्थापकों में एक थे, और वर्ष 1968 से 1973 तक उसके अध्यक्ष भी रहे। वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संस्थापक में से एक थे। उनका जन्म 25 दिसंबर 1924 को ग्वालियर में हुआ था।