Edited By Ramanjot, Updated: 28 Oct, 2021 04:44 PM
भागलपुर के पुलिस अधीक्षक (नगर) स्वर्ण प्रभात ने गुरुवार को बताया कि इस क्षेत्र के जवारीपुर में स्थित गोड्डा विधायक अमित मंडल आवास पर बुधवार की देर रात को उस समय दो अपराधियों ने जानलेवा हमला किया, जब वह अपने आवासीय परिसर में टहल रहे थे। अपराधी आवास...
भागलपुरः बिहार में भागलपुर जिले के तिलकामांझी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने झारखंड के गोड्डा शहर के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक अमित मंडल पर जानलेवा हमला किया। इस घटना में विधायक गंभीर रूप से घायल हो गए।
भागलपुर के पुलिस अधीक्षक (नगर) स्वर्ण प्रभात ने गुरुवार को बताया कि इस क्षेत्र के जवारीपुर में स्थित गोड्डा विधायक अमित मंडल आवास पर बुधवार की देर रात को उस समय दो अपराधियों ने जानलेवा हमला किया, जब वह अपने आवासीय परिसर में टहल रहे थे। अपराधी आवास के मुख्य गेट को धक्का देकर जबरन खोलने का प्रयास कर थे। आवाज सुनकर विधायक मंडल पीछे के गेट से बाहर निकल कर मुख्य गेट के पास आए। उन्होंने बताया कि विधायक को देखते ही दोनों अपराधियों ने उन्हें ईंट-पत्थर से मारना शुरू कर दिया, जिससे वह घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घायल विधायक को भागलपुर के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। इस सिलसिले में घायल विधायक की ओर से अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की छानबीन शुरू करते हुए अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इस बीच विधायक अमित मंडल ने कहा कि गोड्डा जिले में बालू माफियाओं के खिलाफ उन्होंने आवाज उठाई है। संभवत: उनलोगो ने जानलेवा हमला करवाया होगा। इस हमले से वह डरने वाले नहीं हैं।