Edited By Ramanjot, Updated: 20 Oct, 2020 10:44 AM
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य (Dipankar Bhattacharya) ने बिहार की नीतीश सरकार पर राज्य में औद्योगिक विकास नहीं करने की मंशा रखने का आरोप लगाया है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि...
पटनाः भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य (Dipankar Bhattacharya) ने बिहार की नीतीश सरकार पर राज्य में औद्योगिक विकास नहीं करने की मंशा रखने का आरोप लगाया है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि अब राज्य तक समुद्र तट आने से रहा तो क्या प्रदेश में कभी उद्योगों का विकास नहीं होगा।
भट्टाचार्य ने सोमवार को बिहार की भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जनता दल यूनाइटेड (JDU) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में औद्योगिक विकास नहीं होने का कारण समुद्र तट का होना नहीं है, यह एक हास्यास्पद तर्क है। असल में पिछले 15 वर्ष में सरकार की कोई मंशा ही नहीं दिखी। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि अब बिहार तक समुद्र तट आने से रहा तो क्या मुख्यमंत्री नीतीश कुमार यह कहना चाहते हैं कि बिहार में कभी औद्योगिक विकास होगा ही नहीं।
भाकपा-माले के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि आज पंजाब और हरियाणा विकसित प्रदेश माने जाते हैं। ये राज्य बिहारी प्रवासी मजदूरों के ही श्रम से विकसित हुए हैं। कम से कम प्रवासी मजदूरों से ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पूछ लेना चाहिए था कि विकास कैसे होता है। यही मजदूर बाहर जाकर दूसरे प्रदेशों का विकास कर रहे हैं लेकिन बिहार औद्योगिक और अन्य दूसरे लिहाज से पिछड़ा का पिछड़ा बना हुआ है।