Edited By Ramanjot, Updated: 19 Dec, 2020 12:51 PM
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि वह अहम मौके पर हमेशा अज्ञातवास में ही रहते हैं।
पटनाः जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि वह अहम मौके पर हमेशा अज्ञातवास में ही रहते हैं।
जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने शुक्रवार को कहा कि बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बिहार से एक बार फिर गायब हैं। यह पहला मौका नहीं है जब वह बिहार से गायब है। ऐसे कई अहम मौकों पर वह बिहार की जनता को छोड़कर किसी अज्ञातवास में चले जाते हैं, जिसकी जानकारी न तो उनकी ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को और न ही महागठबंधन के उनके साथियों को है। बिहार की जनता को अब उनकी अनुपस्थिति की आदत हो गई है।
राजीव रंजन ने कहा कि चाहे चमकी बुखार के समय हो या फिर बाढ़ के समय तेजस्वी हमेशा बिहार की जनता को ठगते नजर आते हैं। कोरोना काल में भी जब बिहार की जनता परेशानियों से जूझ रही थी उस समय में भी नेता प्रतिपक्ष अपने कर्तव्यों से विमुख हो दिल्ली में आराम कर रहे थे। वह बिहार में उस समय जरूर नजर आते हैं जब वह अपने राजनीतिक हितों को साध सके। उन्हें बिहार की जनता की याद केवल चुनाव के समय आती है। सदन के बीच सत्र में ही वह गायब हो जाते हैं।
जदयू प्रवक्ता ने कहा कि तेजस्वी यादव ने कभी एक जिम्मेवार नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाई ही नहीं है। सरकार की नीतियों का विरोध करना ही उनका मूल मंत्र है। न ही उन्होंने और न ही उनकी पार्टी ने कभी भी सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाई है।