Edited By Ramanjot, Updated: 14 Aug, 2022 10:01 AM
सुशील मोदी ने शनिवार को ट्वीट कर कहा कि यह बात हजम नहीं होगी कि नीतीश कुमार अपनी पार्टी बचाने के लिए फिर लालू प्रसाद यादव की शरण में गए हैं। जदयू न तो राजद-कांग्रेस जैसा वंशवादी है, न भाजपा की तरह संगठन आधारित। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के बाद...
पटनाः बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बाद उनके व्यक्ति-केंद्रित दल जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का कोई भविष्य नहीं है और इस पार्टी का राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में विलय होगा या पार्टी का अस्तित्व ही समाप्त हो जाएगा।
सुशील मोदी ने शनिवार को ट्वीट कर कहा कि यह बात हजम नहीं होगी कि नीतीश कुमार अपनी पार्टी बचाने के लिए फिर लालू प्रसाद यादव की शरण में गए हैं। जदयू न तो राजद-कांग्रेस जैसा वंशवादी है, न भाजपा की तरह संगठन आधारित। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के बाद इसका (जदयू) कोई भविष्य नहीं। यह पार्टी राजद में विलय करेगी या विलीन हो जाएगी।
भाजपा सांसद ने कहा कि निजी महत्वाकांक्षा के लिए जनादेश से विश्वासघात पर पर्दा डालने के लिए नीतीश कुमार बेमतलब की बातें कहने लगे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा गठबंधन धर्म का पालन करती है, किसी को तोड़ती नहीं है। मोदी ने कहा कि जदयू में नीतीश कुमार की इच्छा के विपरीत कुछ नहीं होता। यदि आरसीपी सिंह उनकी इच्छा के विपरीत केंद्रीय मंत्री बने तो 13 महीनों तक उनके खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उनकी सदस्यता समाप्त क्यों नहीं की गई।