भागलपुर की 5 सीट पर NDA का कब्जा, 2 सीटों पर जीता महागठबंधन

Edited By Diksha kanojia, Updated: 11 Nov, 2020 03:46 PM

nda occupies 5 seats in bhagalpur grand alliance wins 2 seats

बिहार में भागलपुर जिले की सात विधानसभा सीटों पर कांटे की टक्कर में पांच पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने जहां कब्जा जमाया, वहीं महागठबंधन को केवल दो सीट पर ही संतोष करना पड़ा।

 

भागलपुरः बिहार में भागलपुर जिले की सात विधानसभा सीटों पर कांटे की टक्कर में पांच पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने जहां कब्जा जमाया, वहीं महागठबंधन को केवल दो सीट पर ही संतोष करना पड़ा। जिले की बिहपुर, गोपालपुर, कहलगांव और सुल्तानगंज में राजग उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की तथा पीरपैंती में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी आखिरी दौर की मतगणना में राजद प्रत्याशी पर बढ़त बनाए हुए हैं और उनका जीतना लगभग तय माना जा रहा है।

वहीं, भागलपुर और नाथनगर दो ऐसी सीटें हैं जहां महागठबंधन के उम्मीदवार जीत का स्वाद चख पाए। बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के कुमार शैलेंद्र ने राजद के पूर्व विधायक एवं पूर्व सांसद शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल को 6348 मतों के अंतर से पराजित कर दिया। भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में जहां 72577 वोट पड़े। वहीं राजद प्रत्याशी 66229 मत ही हासिल कर पाए। वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव में बुलो मंडल की पत्नी एवं राजद उम्मीदवार वर्षा रानी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 12716 मतों के अंतर से हराया था।

गोपालपुर विधानसभा सीट पर जदयू के नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल ने पहली बार राजद के टिकट के सहारे चुनावी अखाड़े में उतरे शैलेंद्र कुमार को 24580 मतों के बड़े अंतर से चित कर दिया। इस सीट पर यह मंडल की लगातार चौथी जीत है। वहीं, 12716 वोट पाकर लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के सुरेश भगत तीसरे स्थान पर रहे। पिछले चुनाव में जदयू के नीरज ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के अनिल यादव को कड़े मुकाबले में 5169 मतों से हराया था। कहलगांव सीट पर मुकाबला काफी रोचक रहा। पिता की विरासत बचाने कांग्रेस के टिकट पर सवार होकर आए पार्टी के दिग्गज नेता सदानंद सिंह के पुत्र शुभानंद मुकेश को कड़ी टक्कर में भाजपा के पवन कुमार यादव ने 42947 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया है।

यादव को जहां 115326 वोट मिले वहीं मुकेश 72379 मत ही हासिल कर पाए। वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के सदानंद सिंह 21229 मतों के अंतर से विजयी हुए थे। इसी तरह सुल्तानगंज विधानसभा क्षेत्र में जदयू के ललित नारायण मंडल ने 72620 वोट प्राप्त कर कांग्रेस के ललन कुमार को 11603 वोट के अंतर से शिकस्त दे दी। लोजपा की नीलम देवी 10176 वोट लेकर तीसरे नंबर पर रही। पिछले चुनाव में जदयू के सुबोध राय 14033 वोट से जीते थे। भागलपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के अजीत शर्मा ने भाजपा के रोहित पांडेय को महज 950 मतों के अंतर से हरा दिया। पांडेय की हार में लोजपा के राजेश वर्मा के 20434 मतों का बड़ा योगदान माना जा रहा है।

इस सीट पर शर्मा ने 65033 जबकि पांडेय ने 64083 वोट हासिल किए। वर्ष 2015 के चुनाव में कांग्रेस के शर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 10658 मतों से पराजित किया था। इसी तरह नाथनगर में राजद के अली अशरफ सिद्दीकी ने जदयू के निवर्तमान विधायक लक्ष्मीकांत मंडल को 7481 वोट से पटखनी दे दी। सिद्दीकी को 78416 जबकि मंडल को 70935 वोट प्राप्त हुए। इस सीट पर भी लोजपा के अमरनाथ प्रसाद उफर् अमर सिंह कुशवाहा को प्राप्त 14673 वोट को जदयू उम्मीदवार की हार का बड़ा कारण बताया जा रहा है।

Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!