Edited By Ramanjot, Updated: 16 Mar, 2021 01:25 PM
बिहार के परिवहन विभाग ने निर्देश जारी करते हुए कहा कि है अगर किसी भी यात्री वाहन में अश्लील गाना बजाया गया तो उस गाड़ी का परमिट रद्द कर कानूनी कार्रवाई की जाए। विभाग ने इस संबंध में सभी जिलों के संयुक्त आयुक्त, जिला परिवहन पदाधिकारी, मोटरयान निरीक्षक...
पटनाः सार्वजनिक यात्री वाहनों में अश्लील गाने बजाने वाले अब सावधान हो जाएं, नहीं तो आपका परमिट रद्द कर दिया जाएगा। दरअसल, यात्री वाहनों में बजने वाले अश्लील गानों के कारण आम लोगों की परेशानी झेलनी पड़ती है। इसे गंभीरता से लेते हुए बिहार सरकार ने ऐसे वाहनों के परमिट रद्द करने का सख्त निर्देश जारी किया है।
बिहार के परिवहन विभाग ने सभी जिलों के संयुक्त आयुक्त, जिला परिवहन पदाधिकारी, मोटरयान निरीक्षक और प्रवर्तन अवर निरीक्षक को निर्देश पत्र भेजा है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि अगर किसी भी यात्री वाहन में अश्लील गाना बजाया गया तो उस गाड़ी का परमिट रद्द कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
विभाग ने सभी जिलों के अधिकारियों से कहा कि त्योहार के दौरान अश्लील गाने बजाए जाने की शिकायतें ज्यादा मिल रही हैं। इसलिए होली से ठीक पहले विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही महिला कॉलेजों और स्कूलों के नजदीक रैंडम जांच अभियान चलाकर अश्लील गानों पर पाबंदी लगाई जाए।