Edited By Diksha kanojia, Updated: 30 Jul, 2020 05:26 PM
बिहार में कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र से पुलिस ने तीन लोगों को 92 लाख रुपए के साथ गिरफ्तार कर लिया।
भभुआः बिहार में कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र से पुलिस ने तीन लोगों को 92 लाख रुपए के साथ गिरफ्तार कर लिया।
आरक्षी अधीक्षक दिलनवाज अहमद ने गुरुवार को बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग दो पर मोहनिया स्थित समेकित जांच चौकी के निकट पुलिस एवं उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम वाहन जांच कर रही थी। इस दौरान एक कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में कार पर सवार तीन लोगों के पास से 92 लाख रुपए बरामद किए गए। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार लोगों की पहचान रोहतास जिला निवासी अरविंद कुमार सोनी, दीपक कुमार और रघुवीर प्रसाद के रूप में की गई है। इन लोगों के पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
अहमद ने कहा कि पूछ-ताछ के क्रम में गिरफ्तार लोगों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के वाराणसी से रुपये लेकर पश्चिम बंगला की राजधानी कोलकाता जा रहे थे। गिरफ्तार लोगों ने बरामद रुपए के संबंध में कोई कागजात प्रस्तुत नहीं किया है। इसके बारे में आयकर विभाग को सूचना दे दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का खुलासा संभव हो सकेगा।