Edited By Nitika, Updated: 25 Jul, 2021 10:09 AM
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भाजपा के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने देश में बड़े आर्थिक सुधार का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया और कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सरकार में डॉ. मनमोहन सिंह इतने कमजोर प्रधानमंत्री थे कि वह...
पटनाः बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भाजपा के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने देश में बड़े आर्थिक सुधार का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया और कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सरकार में डॉ. मनमोहन सिंह इतने कमजोर प्रधानमंत्री थे कि वह कोई भी महत्वपूर्ण सुधार लागू नहीं कर पाए।
सुशील मोदी ने ट्वीट कर कहा कि देश में 30 साल पहले आर्थिक सुधार शुरू करने का श्रेय भले ही तत्कालीन वित्त मंत्री मनमोहन सिंह को दिया जाता है, लेकिन जीएसटी जैसे बड़े आर्थिक सुधार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लागू किए। उन्होंने कहा, 'नरसिंह राव सरकार ने जो सुधार किए, वे तो सोना गिरवी रखने की मजबूरी से अर्थव्यवस्था को उबरने के दबाव में उठाए गए कुछ कदम थे।'
भाजपा सांसद ने कहा कि कांग्रेस ने मनमोहन सिंह को इतना कमजोर बना दिया था कि प्रधानमंत्री के रूप में वे कोई महत्वपूर्ण सुधार लागू नहीं कर पाए, बल्कि उनके कार्यकाल में हुए बड़े-बड़े घोटालों से अर्थव्यवस्था कमजोर हुई। उन्होंने कहा कि अर्थशास्त्री पीएम के समय में विजय माल्या जैसे अमीरों ने 'फोन-बैंकिंग' के जरिए बैंकों का खजाना खाली किया, जबकि मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार पर रोक लगाई और घोटाला करने वालों की करोड़ों की सम्पत्ति जब्त कर बैंकों के पैसे वापस करवाए।
सुशील मोदी ने आगे ट्वीट कर कहा,' जिनकी कैबिनेट के फैसले की कॉपी कांग्रेस के युवराज सरेआम फाड़ देते थे, वे कोई सुधार कर भी कैसे सकते थे।'