Edited By Nitika, Updated: 17 Jul, 2020 05:02 PM
भाजपा ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए कुछ नया कर पाने विफल रही वर्तमान हेमन्त सरकार को पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के कार्यो का जबरन श्रेय लेने की आदत पड़ गई है।
रांचीः भाजपा ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए कुछ नया कर पाने विफल रही वर्तमान हेमन्त सरकार को पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के कार्यो का जबरन श्रेय लेने की आदत पड़ गई है।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि राज्य सरकार अपना कुछ नया नहीं कर पा रही है लेकिन पुरानी सरकार के कार्य के लिए खुद की पीठ जरूर थपथपा रही है। राज्य में गैर मजरुआ जमीन की रसीद काटने का निर्णय पूर्व की रघुवर दास के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के समय लिया गया था। शाहदेव ने कहा कि 3 जुलाई 2018 को रघुवर मंत्रिमंडल ने यह निर्णय लिया था कि सालों से रह रहे या खेती कर रहे व्यक्तियों की गैर मजरुआ जमीन की रसीद कटेगी। उस समय बहुत लोग के पास खतियान या तो नहीं थे या जर्जर अवस्था में थे, जिसके कारण डिजिटलाइजेशन का कार्य नहीं हो पाया। इसके कारण कई लोगों की रसीद नहीं कट पाई। इसके बाद 11 जून 2019 को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में रसीद काटने में आ रही परेशानियों के मद्देनजर सॉफ्टवेयर में अपेक्षित संशोधन करने का निर्देश दिया गया।
भाजपा नेता ने कहा कि 18 जुलाई 2019 को प्रदेश के सभी उपायुक्तों को पत्र लिखकर राजस्व शिविर लगाकर गैरमजरुआ जमीन की रसीद काटने का निर्देश दिया गया। यह कार्य प्रारंभ हुआ लेकिन कुछ ही समय के बाद आदर्श चुनाव आचार संहिता प्रभावी हो गई, जिसके कारण इसे रोकना पड़ा। हेमंत सरकार पूर्ववर्ती सरकार के इस महत्वपूर्ण कार्य का जबरन श्रेय लेने की कोशिश कर रही है।