Edited By Diksha kanojia, Updated: 27 Oct, 2020 05:02 PM
झारखंड प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सह राज्य के वित्त मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला करते हुए मंगलवार को कहा कि बहुमत का अनादर करने की बात भाजपा को अपने घोषणा पत्र में शामिल कर लेना चाहिए।
रांचीः झारखंड प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सह राज्य के वित्त मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला करते हुए मंगलवार को कहा कि बहुमत का अनादर करने की बात भाजपा को अपने घोषणा पत्र में शामिल कर लेना चाहिए।
डॉ. उरांव ने कहा कि भाजपा को अपने घोषणा पत्र में ही यह विषय भी शामिल कर लेना चाहिए कि चुनाव में बहुमत भले ही किसी को मिले, सरकार भाजपा की बनेगी। घोषणा पत्र में शामिल होने से दुनिया भर के अंतरराष्ट्रीय सरकारों को भी मालूम हो जाएगा कि भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था की स्थिति किस तरह की है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जिस तरह से दुमका और बेरमो उप चुनाव के प्रचार में भाजपा द्वारा यह प्रचारित किया जा रहा है कि दोनों सीटों पर जीत से राज्य में सत्ता परिवर्त्तन हो जाएगा। यह भाजपा नेताओं के सरकार को अस्थिर करने की साजिश को दर्शाता है, इससे पहले भी चुनाव में बहुमत नहीं मिलने के बावजूद गोवा, मध्यप्रदेश, कनाटर्क और बिहार समेत कई राज्यों में भाजपा सत्ता को हथियाने का काम कर चुकी है।
डॉ. उरांव ने कहा कि झारखंड में सत्ता के अंकगणित के अनुसार उप चुनाव परिणाम का असर सरकार की सेहत पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा लेकिन भाजपा के सत्ता हथियाने के लिए कोई भी प्रयास करने से पीछे नहीं हटेगी, यह सभी को पता हैं। लेकिन राज्य में कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) गठबंधन पूरी तरह से एकजुट है, भाजपा का नापाक मंसूबा सफल नहीं होगा।