Edited By Diksha kanojia, Updated: 10 Oct, 2020 03:29 PM
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने आदिवासी- मूलवासी युवाओं को रोजगार दिया लेकिन मौजूदा सरकार...
दुमकाः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने आदिवासी- मूलवासी युवाओं को रोजगार दिया लेकिन मौजूदा सरकार युवाओं की नौकरियां छीनने में जुटी है।
दास ने मीडिया कर्मियों से बातचीत में कहा कि उनकी सरकार ने नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सहायक पुलिस और शिक्षा में सुधार के लिए लंबे समय से खाली पड़े पदों पर शिक्षकों की बहाली की थी, लेकिन वर्तमान सरकार सहायक पुलिस कर्मियों पर लाठियां बरसा रही है। हेमंत सरकार ने शिक्षकों की नियुक्ति के मामले में न्यायालय में सही तरीके से पक्ष नहीं रखकर उनकी रोटी छीनने का कार्य किया है।
भाजपा उपाध्यक्ष ने कहा कि राज्य की हेमंत सोरेन सरकार जनता से झूठे वादे और जनता को दिग्भ्रमित कर सत्ता में आयी है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने विधानसभा चुनाव के दौरान जनता को एक साल में पांच लाख नौकरियां देने का वायदा कर सत्ता में आयी है लेकिन यह सरकार पचास बेरोजगारों को भी नौकरी नहीं दे सकी है।