Edited By Diksha kanojia, Updated: 26 Nov, 2020 03:08 PM
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आदेश के बाद राजधानी रांची में भीख मांग कर जीवन-यापन कर रही एक दिव्यांग वृद्ध महिला को वृद्धा आश्रम में पनाह मिल गई।
रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आदेश के बाद राजधानी रांची में भीख मांग कर जीवन-यापन कर रही एक दिव्यांग वृद्ध महिला को वृद्धा आश्रम में पनाह मिल गई।
सोरेन को रांची के उपायुक्त ने बुधवार को बताया कि वृद्धा को व्हील चेयर उपलब्ध करवा कर हेसाग स्थित वृद्ध आश्रम में स्थानांतरित कर दिया गया है, जहां उनके रहने और खाने की व्यवस्था की गई है। साथ ही, सर्दियों के लिए गर्म कपड़ा और कंबल भी उपलब्ध करवा गया है।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री को जानकारी दी गई कि राजधानी रांची के हरमू रोड स्थित सहजानंद चौक के निकट वृद्ध दिव्यांग महिला काफी मजबूर है, लेकिन कोई इंसान मदद के लिए आगे नहीं आ रहा है। उसके बेटे ने उसे इस हाल में जीने को छोड़ दिया है।
इस मामले की जानकारी के बाद मुख्यमंत्री ने उपायुक्त, रांची को वृद्ध माता को वृद्ध आश्रय गृह में तत्काल पहुंचाने एवं उनके देख भाल की उचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया था।