Edited By Nitika, Updated: 01 Dec, 2021 10:46 AM

भाजपा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने राज्य की हेमंत सरकार पर कोरोना सुरक्षा के प्रति लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। साथ ही कहा कि सरकार की विफलता के कारण ही कोविड टीकाकरण के मामले में झारखंड पूरे देश में सबसे निचले स्तर पर है।
रांचीः भाजपा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने राज्य की हेमंत सरकार पर कोरोना सुरक्षा के प्रति लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। साथ ही कहा कि सरकार की विफलता के कारण ही कोविड टीकाकरण के मामले में झारखंड पूरे देश में सबसे निचले स्तर पर है।
दीपक प्रकाश ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन को विश्व के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया है, यह पूरे दुनिया में तेजी से फैल सकता है। बावजूद हेमन्त सरकार कोरोना जांच एवं वैक्सिनेसन अभियान सुस्त चाल में चल रही है। नए वैरिएंट ओमीक्रान के बाद से केंद्र सरकार अलर्ट पर और सतर्क है। परंतु झारखंड सरकार कितनी लापरवाह है, इसकी बानगी देखिए। कोरोना के वैरिएंट का पता करने के लिए जीनोम सिक्वेंसिंग मशीन आवश्यक है। मशीन खरीदने से संबंधित फाइल छह माह से रिम्स में अटकी हुई है। इस कारण वायरस के नए वैरिएंट का पता करने के लिए पुणे पर निर्भर रहना पड़ेगा। जब तक वहां से कोरोना मरीज के वैरिएंट का पता चलेगा, तब तक नया वैरिएंट झारखंड को अपनी चपेट में ले सकता है। झारखंड सरकार और रिम्स प्रबंधन को कुंभकर्णी नींद से जाग जानी चाहिए।
भाजपा सांसद ने कहा कि कोरोना से बचाव में वैक्सीन ही सर्वोत्तम उपाय है। इसे देखते हुए भाजपा और इसके गठबंधन प्रदेशों में 60 से 90 फीसदी तक डबल डोज एवं सिंगल डोज 80 से 100 फीसदी वैक्सीन हो चुका है। जबकि झारखंड डबल डोज के मामले में सबसे निचले स्तर पर है। झारखंड में अब तक मात्र 30 फीसदी डबल और 66 फीसदी सिंगल डोज दिया जा पाया है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार कांग्रेस और इसके गठबंधन प्रदेशों की स्थिति बद से बदतर है। पंजाब, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल की स्थिति निचले स्तर पर है।