Edited By Nitika, Updated: 11 Dec, 2020 05:28 PM
झारखंड में गढ़वा जिले के नगर उंटारी में अनुमंडलीय न्यायालय का गठन किया जाएगा। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अनुमंडलीय न्यायालय गठित किए जाने से संबंधित संलेख प्रारूप को अनुमोदित कर दिया है।
रांचीः झारखंड में गढ़वा जिले के नगर उंटारी में अनुमंडलीय न्यायालय का गठन किया जाएगा। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अनुमंडलीय न्यायालय गठित किए जाने से संबंधित संलेख प्रारूप को अनुमोदित कर दिया है। इसे अब स्वीकृति के लिए मंत्रिमंडल की बैठक में रखा जाएगा।
अनुमंडलीय न्यायालय के गठन को लेकर न्यायालय भवन, आवासीय भवन और कारागार के निर्माण की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। नगर उंटारी अनुमंडल में 6 न्यायालय गठित किए जाएंगे। इनमें जिला एवं अपर सत्र न्यायधीश, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, सिविल जज (सीनियर डिवीजन), अनुमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी, सिविल जज (जूनियर डिवीजन) का एक-एक न्यायालय तथा न्यायिक दंडाधिकारी के 2 न्यायालय होंगे।
इन न्यायालयों के गठन को लेकर न्यायिक पदाधिकारियों एवं उनके सहयोग के लिए अधीनस्थ कर्मियों के पदसृजन की कार्रवाई की जानी है। न्यायिक पदाधिकारियों के पद सृजन की कार्रवाई कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग के स्तर से होगी जबकि अराजपत्रित कर्मचारियों के पदसृजन की कार्रवाई विधि विभाग के द्वारा की जाएगी।