Edited By Diksha kanojia, Updated: 17 Jun, 2020 01:30 PM
झारखंड के श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने मंगलवार को कहा कि राज्य की हेमंत सोरेन सरकार मजदूरों को उनका उचित अधिकार दिलाने के लिए जल्द ही नया कठोर श्रम कानून बनाने जा रही है।
चतराः झारखंड के श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने मंगलवार को कहा कि राज्य की हेमंत सोरेन सरकार मजदूरों को उनका उचित अधिकार दिलाने के लिए जल्द ही नया कठोर श्रम कानून बनाने जा रही है।
भोक्ता ने यहां कहा कि मजदूरों, कारखानों एवं संयंत्र संचालकों के बीच सक्रिय बिचौलियों पर लगाम कसने को लेकर पूरी तरह से गंभीर है। रोजगार की तलाश में गए झारखंडी मजदूरों का अब दूसरे प्रदेशों में शोषण नहीं होगा। घर परिवार छोड़कर दूसरे प्रदेशों में हाड़ तोड़ मेहनत करने वाले मजदूरों को उनका उचित अधिकार मिले, इसे लेकर सरकार कठोर श्रम कानून बनाने जा रही है।
श्रम मंत्री ने कहा कि प्रदेश में जिस तरब तेज रफ्तार से कोरोना का संक्रमण बढ़ा था ऐसा लग रहा था जैसे देश और प्रदेश अब नहीं बचेगा लेकिन राज्य सरकार ने इस विकट परिस्थिति का भी आराम से सामना किया। साथ ही सभी मजदूरों को वापस उनके घरों तक पहुंचाया बल्कि सरकार अभी भी इच्छुक मजदूरों को वापस ला रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड के मजदूरों को निबंधित कर अब सरकार उन्हें हर मोर्चे पर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है। इस निमित्त देश के किसी भी कोने में काम करने वाले मजदूरों को अब किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।