Edited By Khushi, Updated: 07 Dec, 2025 04:55 PM

Jharkhand Weather: झारखंड में इस समय कड़ाके की ठंड का प्रकोप तेज होता जा रहा है। उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के असर से राज्य के कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है। पूरे राज्य में दिनभर आसमान साफ रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की...
Jharkhand Weather: झारखंड में इस समय कड़ाके की ठंड का प्रकोप तेज होता जा रहा है। उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के असर से राज्य के कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है। पूरे राज्य में दिनभर आसमान साफ रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई, लेकिन रात और सुबह के तापमान में लगातार गिरावट जारी है।
जमशेदपुर में भी दिन और रात के तापमान में गिरावट देखी गई
पारा गिरने से लोगों को ठिठुरन का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के 10 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। सबसे कड़ाके की ठंड गुमला में दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। स्थानीय लोग अलाव का सहारा लेने को मजबूर हैं। राजधानी रांची की बात करें तो यहां अधिकतम तापमान 22.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री तक गिर गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री नीचे रहा। ठंडी हवाओं के चलते सुबह और देर शाम शीतलहर जैसी स्थिति बन रही है। जमशेदपुर में भी दिन और रात के तापमान में गिरावट देखी गई। यहां अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री रहा। दोनों ही सामान्य से कम हैं। मौसम केंद्र रांची द्वारा जारी पांच दिवसीय पूर्वानुमान में बताया गया है 10 दिसंबर तक राज्य के 24 जिलों में न्यूनतम तापमान लगातार गिरेगा।
धूप निकलने के बावजूद सिहरन महसूस
मौसम विभाग के अनुसार कोडरमा, चतरा, गढ़वा, पलामू और लातेहार में रात का पारा 6 डिग्री से 10 डिग्री के बीच रहेगा। कोडरमा में जहां 6 डिग्री की ठंड दर्ज की गई, वहीं 10 दिसंबर तक यह 10 डिग्री तक जा सकता है। पूर्वोत्तर झारखंड के देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा और जामताड़ा में अधिकतम तापमान 24 डिग्री से 28 डिग्री जबकि न्यूनतम 11 डिग्री से 16 डिग्री रहेगा। रांची, बोकारो, रामगढ़ और हजारीबाग में रात का तापमान 9 डिग्री से 13 डिग्री के बीच रहेगा। रिपोर्ट के अनुसार आज झारखंड में सबसे अधिक अधिकतम तापमान चाईबासा में 28 डिग्री दर्ज किया गया। गर्म दिन के बावजूद रात के तापमान में कई जगहों पर गिरावट जारी है। उधर, गुमला में सबसे कम पारा 3.5 डिग्री दर्ज होने से यहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह-सुबह धूप निकलने के बावजूद सिहरन महसूस की गई। बोकारो, देवघर, लोहरदगा, लातेहार समेत कई जिलों में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। लोहरदगा में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री और लातेहार में 7.6 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तरी हवाओं की रफ्तार बनी रही तो आने वाले दो-तीन दिनों में न्यूनतम तापमान और गिर सकता है। मौसम विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। सुबह-शाम खुले में निकलते समय गर्म कपड़े, टोपी और मफलर का उपयोग करने तथा अलाव जलाते समय सावधानी बरतने की अपील की गई है।