Edited By Diksha kanojia, Updated: 03 Dec, 2020 04:42 PM
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने झारखंड के खूंटी जिले में दो नाबालिगों के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले को लेकर राज्य सरकार पर हमला करते हुए बुधवार को कहा कि हेमंत सोरेन सरकार पर महिलाओं एवं बच्चियों का विश्वास नहीं है।
रांचीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने झारखंड के खूंटी जिले में दो नाबालिगों के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले को लेकर राज्य सरकार पर हमला करते हुए बुधवार को कहा कि हेमंत सोरेन सरकार पर महिलाओं एवं बच्चियों का विश्वास नहीं है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अमित कुमार ने कहा कि राज्य में अब तक हुए महिलाओं और नाबालिग बच्चियों के अपहरण एवं सामूहिक बलात्कार के आरोपियों को सजा दिलाने में जहां हेमंत सरकार नाकाम रही वहीं पिछले दिनों जतरा मेला देखकर लौट रही खूंटी जिले के करर थाना क्षेत्र की दो नाबालिग लड़कियों को दरिंदों द्वारा अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म जैसी घिनौनी घटना का अंजाम देने के बाद भी सरकार एवं पुलिस-प्रशासन के कानों में जूं तक नहीं रेंगी।
यहां तक कि घटना के इतनी देर बाद बीत जाने के बावजूद भी अबतक किसी की गिरफ्तारी नही हुई है। उन्होंने कहा कि जब से राज्य में हेमंत सोरेन की सरकार बनी है तब से राज्य में छेड़खानी और बलात्कार की घटना आम हो गई है।
कुमार ने पुलिस प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड में जितने भी बलात्कार के मामले हुए हैं उसमें स्थानीय जिला प्रशासन के मिलीभगत से उसकी लीपापोती की जाती है, यहां तक कि बलात्कार जैसी घिनौनी घटना को छेड़खानी का नाम देने का प्रयास किया जाता रहा है ताकि आरोपी को बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि हेमन्त सरकार महिला सुरक्षा देने में नाकाम साबित हो रही है। महिला सशक्तिकरण का ढोंग रचने वाली हेमंत सरकार में महिलाओं एवं बच्चियों का घर से निकलना दूभर हो गया है।