Edited By Ramanjot, Updated: 02 Oct, 2020 03:39 PM
यूपी के हाथरस कांड के बाद अब बिहार के कैमूर जिले से गैंगरेप की घटना सामने आई है। यहां दो लड़कों ने बारी बारी से एक छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद छात्रा की हत्या करने का प्रयास किया गया।
पटनाः यूपी के हाथरस कांड के बाद अब बिहार के कैमूर जिले से गैंगरेप की घटना सामने आई है। यहां दो लड़कों ने बारी बारी से एक छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद छात्रा की हत्या करने का प्रयास किया गया।
जानकारी के अनुसार, मामला चैनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। बताया जा रहा है कि छात्रा अपनी सहेलियों के साथ घास काटने के लिए गई थी। तभी वहां आए 5 लड़कों में से दो लड़कों ने पहले छात्रा के हाथ-पैर बांधे। इसके बाद उसे दवा पिलाई और फिर घटना को अंजाम देने के बाद उसे मुंह के बल मिट्टी में दबा दिया, ताकि घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो जाए। वहीं लड़की के शोर मचाने पर ग्रामीण घटनास्थल की तरफ भागे तो उन्होंने एक आरोपी को धर दबोचा।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गांव से ही पकड़ लिया, बाकी तीन आरोपी गांव वालों को चकमा देकर भाग गए। कैमूर एसपी दिलनवाज अहमद ने कहा कि महिला थाना में मामला दर्ज करा दिया गया है। मेडिकल बोर्ड गठित कर पीड़िता का मेडिकल कराया गया है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।