Edited By Ramanjot, Updated: 04 Sep, 2021 09:54 AM
विजय कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी से नई दिल्ली स्थित उनके सरकारी आवास में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री को पांच सामाजिक अभिशाप से मुक्त, वरदान से युक्त और सामाजिक सम्मान कार्यक्रम पर समाज की जागरूकता के लिए...
पटनाः बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें राज्य में चल रहे विकास कार्यों और सदन की साकारात्मक कार्यवाहियों से अवगत कराया।
विजय कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी से नई दिल्ली स्थित उनके सरकारी आवास में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री को पांच सामाजिक अभिशाप से मुक्त, वरदान से युक्त और सामाजिक सम्मान कार्यक्रम पर समाज की जागरूकता के लिए अभियान की होने वाली शुरुआत पर वृहद रूप से चर्चा की। मोदी ने व्यापक जनहित में सामाजिक सुधार वाले इस अभियान की शुरुआत किए जाने के लिए अपनी सहमति दी और कहा कि इस अभियान की शुरुआत से एक सामाजिक क्रांति आएगी।
विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने प्रधानमंत्री मोदी को बिहार विधानसभा भवन शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित होने वाले समारोह में आने का आमंत्रण भी दिया। उन्होंने बताया कि इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बिहार लोकतंत्र की जननी रही है और इसने समय-समय पर देश ही नहीं संपूर्ण विश्व को सही राह दिखलाया है। हमें पारस्परिक सौहार्द्र बनाते हुए आपसी भाईचारा को बनाकर रखना होगा सबका साथ और सबका विकास आज समय की जरूरत है। बिहार असाधारण मेधा और श्रमशीलता की धरती है। बिहार को आगे बढ़ाने से ही देश आगे बढ़ेगा।