Edited By Ramanjot, Updated: 23 Nov, 2026 10:17 AM

विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो की जांच और सत्यापन किया। जांच के दौरान वीडियो के आधार पर संबंधित शिक्षक की पहचान सुनिश्चित की गई।
गोपालगंज: बिहार में गोपालगंज जिले के एक विद्यालय की पांच छात्राओं को प्रधानाध्यापक की अनुमति के बिना शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाने और इस दौरान उनसे संबंधित आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के मामले में पुलिस ने संबंधित शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से रविवार को जारी सूचना के अनुसार, जिले के एक विद्यालय में कार्यरत शिक्षक द्वारा प्रधानाध्यापक की अनुमति के बिना पांच छात्राओं को शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाने का मामला सामने आया था। भ्रमण के दौरान संबंधित शिक्षक और छात्राओं से जुड़ा एक अमर्यादित एवं आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की सूचना भी पुलिस को मिली। इस मामले में पुलिस ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक की ओर से समर्पित आवेदन के आधार पर उचकागांव थाना में कांड संख्या 434/26, दिनांक 20 नवंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हथुआ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं उचकागांव थानाध्यक्ष के नेतृत्व में डीआईयू टीम को शामिल करते हुए विशेष टीम गठित की गई।
विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो की जांच और सत्यापन किया। जांच के दौरान वीडियो के आधार पर संबंधित शिक्षक की पहचान सुनिश्चित की गई। इसके बाद छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार शिक्षक की पहचान सिवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के निवासी एहसान अख्तर, पिता मंसूर आलम के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की गई, जिसमें उसने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।