लूट के मामले में पूर्व BJP नेता समेत 5 लोग गिरफ्तार, 62 किलो चांदी और 5.94 लाख रुपए बरामद

Edited By Ramanjot, Updated: 12 Nov, 2026 10:08 AM

5 people including a former bjp leader arrested in a robbery case

बयान के मुताबिक, कारोबारी की गतिविधियों की रेकी करने के बाद रामबाग इलाके में निक्की साह के स्वामित्व वाले एक रेस्तरां में लूट की साजिश रची गई थी। पुलिस ने बताया कि तकनीकी और खुफिया सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए छोटू कुमार यादव को उसके...

दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले में पश्चिम बंगाल के एक आभूषण कारोबारी को हथियार दिखाकर लूट के मामले में पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक पूर्व पदाधिकारी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। 

पुलिस ने आरोपियों के पास से 62 किलोग्राम से अधिक चांदी और 5.94 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। लूट की यह घटना शनिवार रात जिले के शोभन-एकमी मार्ग पर हुई थी। दरभंगा पुलिस की ओर से जारी बयान के अनुसार, दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच हथियारबंद अपराधियों ने कारोबारी की गाड़ी का पीछा किया और एक सुनसान जगह पर उसे रोक लिया। बयान के अनुसार इसके बाद वे चांदी के बिस्कुट और नकदी से भरे बैग लेकर फरार हो गए। बयान में कहा गया है कि अपराधियों द्वारा गाड़ी रोककर गोलीबारी किए जाने से कारोबारी के वाहन का चालक घायल हो गया था। 

बयान के मुताबिक, कारोबारी की गतिविधियों की रेकी करने के बाद रामबाग इलाके में निक्की साह के स्वामित्व वाले एक रेस्तरां में लूट की साजिश रची गई थी। पुलिस ने बताया कि तकनीकी और खुफिया सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए छोटू कुमार यादव को उसके कादिराबाद स्थित घर से गिरफ्तार किया और उसके घर में ड्रेसिंग टेबल की दराज में छिपाकर रखे गए 5.94 लाख रुपए भी बरामद किए गए। पुलिस ने रेस्तरां के पास खड़े दो वाहनों से 62 किलोग्राम चांदी भी बरामद की, जिसमें चांदी के बिस्कुट जैसी 56 टिकियां शामिल हैं। पूछताछ के दौरान छोटू ने लूट की साजिश रचने और उसे अंजाम देने में निक्की साह तथा उसके अन्य सहयोगियों की संलिप्तता का खुलासा किया, इसके बाद पुलिस ने विशाल महाशेठ उर्फ विक्की, धीरज सोनी, संजीव कुमार साह और तेजस अभिषेक चंद्रा को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि निक्की साह अभी फरार है। 

अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान कई मोबाइल फोन और 7.65 एमएम का एक खाली कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना में भाजपा के पूर्व पदाधिकारी विशाल महाशेठ की कथित संलिप्तता पर प्रतिक्रिया देते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि आरोपी का पार्टी से जुड़ाव या उसका प्रभाव चाहे जो भी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, ''भाजपा के एक ऐसे व्यक्ति को, जो पहले नगर निकाय स्तर पर पार्टी का कार्यकर्ता था, लूट के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह भाजपा नीत राजग की सरकार है, राजद की सरकार नहीं, जिसके शासन में सत्तारूढ़ दल से जुड़े लोगों को अपराध और अपराधियों से जुड़े मामलों में संरक्षण मिलता था।'' सरावगी ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई के अलावा पार्टी भी संबंधित व्यक्ति की संलिप्तता साबित होने पर उसके खिलाफ सख्त कदम उठाएगी। 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!