Edited By Nitika, Updated: 14 Aug, 2020 05:49 PM
बिहार में जहां एक तरफ सुशांत सुसाइड मामले की गुत्थी अभी सुलझी नहीं है, वहीं दूसरी तरफ भाजपा ने महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को बिहार चुनाव का प्रभारी बनाकर इसे चुनावी मुद्दा बना दिया है।
पटनाः बिहार में जहां एक तरफ सुशांत सुसाइड मामले की गुत्थी अभी सुलझी नहीं है, वहीं दूसरी तरफ भाजपा ने महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को बिहार चुनाव का प्रभारी बनाकर इसे चुनावी मुद्दा बना दिया है।
भाजपा की कोर कमेटी बैठक में फडणवीस को बिहार चुनाव प्रभारी बनाने का फैसला किया गया। इस बैठक में खुद फडणवीस शामिल थे। भूपेंद्र यादव और देवेंद्र फडणवीस की जोड़ी महाराष्ट्र में बेहतर नतीजे लाने में सफल रही थी। महाराष्ट्र के बाद अब फडणवीस बिहार में भाजपा को जिताने के लिए भाजपा के महासचिव भूपेंद्र यादव के साथ काम करेंगे।
वहीं 2014 और 2019 के बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में काम करने वाले फडणवीस के लिए राष्ट्रीय मंच पर यह पहली बड़ी जिम्मेदारी होगी। फडणवीस से पहले महाराष्ट्र के मधु लिमये, जॉर्ज फर्नांडिस और मुकुल वासनिक जैसे नेताओं ने बिहार चुनावों में अहम भूमिका निभाई है। बता दें कि सुशांत केस का असर बिहार चुनाव पर पड़ने वाला है। भाजपा ने इस मुद्दे को बढ़ावा देने के लिए फडणवीस को मैदान में उतारा है।