Edited By Nitika, Updated: 14 Aug, 2020 04:01 PM
बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। इससे पहले ही एनडीए के घटक दलों के बीच घमासान देखने को मिल रहा है। लोजपा के द्वारा लगातार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोला जा रहा है।
पटनाः बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। इससे पहले ही एनडीए के घटक दलों के बीच घमासान देखने को मिल रहा है। लोजपा के द्वारा लगातार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोला जा रहा है। वहीं इसी बीच जदयू के मंत्री जय कुमार सिंह ने लोजपा के बागी तेवर को लेकर बड़ा बयान दिया है।
जदयू के मंत्री ने कहा कि लोजपा गठबंधन में रहे या न रहे, ये उनको तय करना है। उन्होंने कहा कि जदयू लोजपा के भरोसे नहीं है। हमारा भाजपा से पुराना रिश्ता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के बीच लगातार कोरोना और बाढ़ को लेकर बातचीत होती है। साथ ही दोनों की सहमति से उचित कदम उठाए जा रहे हैं।
चिराग दिल्ली में बैठकर उठा रहे सवाल
वहीं जय कुमार सिंह ने कहा कि कोरोना संकट और बाढ़ के समय चिराग पासवान एक बार भी जनता के बीच नहीं आए। इसके विपरीत केवल दिल्ली में बैठकर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चिराग को लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के नाते बिहार आना चाहिए। साथ ही यह भी देखना चाहिए कि नीतीश कुमार किस तरह दिन रात काम कर रहे हैं।
एनडीए जीतेगी 200 से अधिक सीटें
जदयू के नेता ने अंत में कहा कि बिहार का चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही होगा। उन्होंने कहा कि हमारा सीधा गठबंधन भाजपा से है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए 200 से अधिक सीटें जीतेगी।