Edited By Ramanjot, Updated: 12 Oct, 2026 10:05 AM

किशोर ने कहा कि जिस तरह बांकीपुर में भाजपा का 30 साल पुराना किला ढहा, उसी तरह इस बार विधान परिषद चुनाव में भी पटना में राजनीतिक बदलाव देखने को मिलेगा। जन सुराज के सूत्रधार ने आज पटना में आयोजित शिक्षक संवाद कार्यक्रम में भाग लिया।
पटना: जन सुराज के सूत्रधार और बांकीपुर के विधायक प्रशांत किशोर ने दावा किया है कि पटना में लोगों ने इस बार विधान परिषद चुनाव में भाजपा के नवीन किशोर यादव और जदयू के नीरज कुमार को हराने का मन बना लिया है।
किशोर ने कहा कि जिस तरह बांकीपुर में भाजपा का 30 साल पुराना किला ढहा, उसी तरह इस बार विधान परिषद चुनाव में भी पटना में राजनीतिक बदलाव देखने को मिलेगा। जन सुराज के सूत्रधार ने आज पटना में आयोजित शिक्षक संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि पटना के बड़ी संख्या में शिक्षक और स्नातक मतदाताओं ने उनकी पार्टी के उम्मीदवारों दिव्या ज्योति और अनुज सिंह को समर्थन देने का मन बना लिया है। किशोर ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार एवं विधान पार्षद नीरज कुमार के ‘जन्म कुंडली खोल देंगे' वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कुमार अब महज दो-चार दिन के लिए विधान पार्षद रह गए हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति, सामाजिक क्षेत्र या किसी भी अन्य क्षेत्र में व्यक्ति को अपने दायरे से ऊपर उठकर नहीं बोलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस नीतीश कुमार के समर्थन का नीरज कुमार दंभ भरते हैं, उनसे अपने समर्थन में एक वाक्य भी कहला कर दिखाएं।
जनसुराज के नेता ने दावा किया कि यदि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उनके पक्ष में अपील कर दें तो वह चुनाव मैदान से अपना उम्मीदवार वापस ले लेंगे। उन्होंने कहा कि नीरज कुमार के बेवजह प्रलाप करने का कोई फायदा नहीं है। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद नीरज कुमार बेरोजगार हो जाएंगे तो उनकी मदद के लिए वही खड़े होंगे। दिल्ली में सोमवार को होने वाले प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के शामिल होने को लेकर भी प्रशांत किशोर ने टिप्पणी की। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, 'तेजस्वी यादव बड़े लीडर हैं!' उन्होंने कहा कि कल का प्रदर्शन कांग्रेस का है। उन्होंने इस बात पर सहमति जताई कि जंतर-मंतर पर शुरू हुआ प्रदर्शन रुकने वाला नहीं है। किशोर ने दावा किया कि इस समय देशभर में लोग राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खिलाफ हो गए हैं तथा जंतर-मंतर पर शुरू हुआ प्रदर्शन आगे भी जारी रहेगा।