Edited By Ramanjot, Updated: 30 Jul, 2024 10:24 AM

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेवादी मिलने के बाद सोमवार को पहली बार पटना पहुंचे डॉ. जायसवाल का पार्टी प्रदेश कार्यालय में भव्य स्वागत किया गया और उनके सम्मान में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की जड़ हैं...
पटना: बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने दावा किया कि वर्ष 2025 में होने वाले विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रदेश में दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगा।
"अगले साल होने वाले चुनाव में जीत एक बड़ी चुनौती"
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेवादी मिलने के बाद सोमवार को पहली बार पटना पहुंचे डॉ. जायसवाल का पार्टी प्रदेश कार्यालय में भव्य स्वागत किया गया और उनके सम्मान में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की जड़ हैं और जब जड़ है तभी पूरा पेड़ हरा भरा है। उन्होंने लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि वह जड़ नहीं भूलेंगे। डॉ. जायसवाल ने कहा कि संगठन को मजबूत करते हुए अगले साल होने वाले चुनाव में जीत एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं के सहयोग और मार्गदर्शक मंडल के मार्गदर्शन से राजग दो तिहाई बहुमत से जीत दर्ज कर सरकार का गठन करेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज वह पदभार ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को इतना बड़ा दायित्व देने के लिए धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने साफ लहजे में कहा, 'यह पद नहीं मुझे जिम्मेदारी मिली है और मैं भरोसा देता हूं कि मैं दिन-रात मेहनत कर इस जिम्मेदारी को निभाने की कोशिश करूंगा।'