Edited By Ramanjot, Updated: 18 Oct, 2026 01:27 PM

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास बीती देर रात करीब 1:30 बजे एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर में श्रद्धालुओं के साथ हुए भीषण सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। चौधरी ने रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर जारी अपने संदेश में कहा कि मध्य प्रदेश के ग्वालियर में श्रद्धालुओं के साथ हुई भीषण सड़क दुर्घटना अत्यंत हृदयविदारक एवं पीड़ादायक है।
मुख्यमंत्री ने इस हादसे में हुई जनहानि पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा उनके परिवारों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास बीती देर रात करीब 1:30 बजे एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। छिनोर की ओर से आ रहा धान से लदा एक अनियंत्रित ट्रक पुलिस बैरिकेड तोड़कर बेकाबू हो गया और नीचे की ओर आते हुए मंदिर की बाहरी दीवार तथा गेट से जा टकराया। इस दौरान सड़क पर मौजूद श्रद्धालु ट्रक की चपेट में आ गए।