Edited By Ramanjot, Updated: 26 Nov, 2026 05:51 PM

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नैनी गांव निवासी जितेंद्र कुमार सिंह के पुत्र आलोक कुमार सिंह (30) का गांव की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
छपरा: बिहार में सारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नैनी गांव में गुरुवार को प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद में अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इस दौरान उसे बचाने पहुंचे उसके पिता भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नैनी गांव निवासी जितेंद्र कुमार सिंह के पुत्र आलोक कुमार सिंह (30) का गांव की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। गुरुवार को जितेंद्र कुमार सिंह और आलोक कुमार सिंह अपने घर की साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान युवती के परिजन वहां पहुंचे और दोनों से विवाद करने के बाद उन्हें गोली मार दी। गोली लगने से आलोक कुमार सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता जितेंद्र कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने मृतक के शव को पोस्टमाटर्म के लिए सदर अस्पताल भेज दिया तथा घायल जितेंद्र कुमार सिंह को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घायल जितेंद्र कुमार सिंह के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।