Edited By Ramanjot, Updated: 29 Jan, 2021 05:40 PM
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रसिद्ध अर्थशास्त्री, सेंटर फॉर इकॉनोमिक पॉलिसी एंड पब्लिक फाइनेंस के निदेशक और आद्री के सदस्य सचिव शैवाल गुप्ता जी के पार्थिव शरीर पर पुष्प-चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सेंटर फॉर इकोनॉमिक पॉलिसी एंड पब्लिक फाइनेंस के निदेशक, एशियाई विकास शोध संस्थान (आद्री) के सदस्य सचिव एवं सुप्रसिद्ध अर्थशास्त्री डॉ. शैवाल गुप्ता बीमार रहने के बाद भी अपने काम में कमी नहीं आने देते थे।
नीतीश कुमार ने शुक्रवार को स्व. शैवाल गुप्ता के बैंक रोड स्थित आवास में उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और दिवंगत आत्मा की चिरशांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने गुप्ता के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस मौके पर जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी और शिक्षा मंत्री अशोक कुमार चौधरी समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि स्व. गुप्ता को स्वास्थ्य संबंधी कुछ समस्याएं थी और उनका इलाज चल रहा था। स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं होते हुए भी वे अपने काम में कोई कमी नहीं आने देते थे। वह हर तरह की चीजों के बारे में जानकारी रखते थे। बिहार में उन्हें विशेष जिम्मेवारी दी गई थी। वह राज्य का आर्थिक सर्वेक्षण तैयार करने में अहम भूमिका निभाते थे। बिहार के विकास के लिए उनका आइडिया बहुत अच्छा था।