Edited By Nitika, Updated: 20 Jul, 2021 03:50 PM
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय इस्पात मंत्री रामचंद्र प्रसाद (आरसीपी) सिंह ने पार्टी के लिए संगठन का मजबूत होना जरूरी बताया। साथ ही कहा कि भले ही उन्हें केंद्र में दायित्व मिला हो लेकिन वह संगठन की मजबूती के लिए काम करते रहेंगे।
पटनाः जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय इस्पात मंत्री रामचंद्र प्रसाद (आरसीपी) सिंह ने पार्टी के लिए संगठन का मजबूत होना जरूरी बताया। साथ ही कहा कि भले ही उन्हें केंद्र में दायित्व मिला हो लेकिन वह संगठन की मजबूती के लिए काम करते रहेंगे।
आरसीपी सिंह ने जदयू मुख्यालय में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक को दिल्ली से ऑनलाइन संबोधित किया और कहा, ‘‘संगठन है तभी पार्टी है। भले ही आज मुझे दिल्ली में दायित्व मिला हो लेकिन मैं संगठन की मजबूती के लिए काम करता रहूंगा।'' उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के काम की मिसाल पूरे देश में नहीं है। देश की पहली कृषि नीति हो, रेलवे का कायाकल्प हो या बिहार की नई पहचान गढ़ना, उनके काम का कोई जोर नहीं। यहां तक कि उन्होंने हर आपदा को भी अवसर में तब्दील किया है।
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कुमार ने जैसे अपनी सरकार के माध्यम से महिलाओं को स्थान और सम्मान दिया वैसे ही पार्टी में भी महिलाओं को 33 प्रतिशत से अधिक जगह दी गई है। आगे उनकी कोशिश होगी कि महिलाओं को पार्टी में 50 प्रतिशत स्थान प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि कुमार की सोच के अनुरूप उन्होंने संगठन में भी न्याय के साथ विकास और समावेशी विकास को लागू किया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से कहा, ‘‘समाज से हमारा संपर्क और संवाद कायम रहे। हमें हर जिला, प्रखंड, पंचायत और सबसे अधिक बूथ का ध्यान रखना है।''