Edited By Khushi, Updated: 07 Apr, 2024 05:21 PM
थर्ड जेंडर की प्रदेश सचिव श्वेता सिंह को झारखंड चुनाव आयोग द्वारा लोकसभा चुनाव 2024 का आइकॉन बनाया गया है।
Dhanbad: थर्ड जेंडर की प्रदेश सचिव श्वेता सिंह को झारखंड चुनाव आयोग द्वारा लोकसभा चुनाव 2024 का आइकॉन बनाया गया है। अब वह बाहुबलियों और माफियाओं के शहर से विख्यात कोयला राजधानी धनबाद में मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करती नजर आएंगी। बता दें कि विगत 2019 के लोकसभा चुनाव में पूरे देश में सबसे कम मतदान करने वाले शहरों में धनबाद और झरिया का नाम भी शामिल है। जहां मात्र 40 से 50 प्रतिशत मतदान हुए थे।
लोकसभा चुनाव 2024 में झारखंड चुनाव आयोग की विशेष नजर धनबाद लोकसभा पर है क्योंकि पिछले चुनाव में यहां के 2 मुख्य विधानसभा क्षेत्र धनबाद और झरिया में सबसे कम मतदान प्रतिशत दर्ज किए गए थे। इस लोकसभा चुनाव ने उसी मतदान प्रतिशत को बढ़ाने को लेकर चुनाव आयोग द्वारा कई जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे है। इसी क्रम में झारखंड चुनाव आयोग द्वारा थर्ड जेंडर की प्रदेश अध्यक्ष श्वेता सिंह को चुनाव आइकॉन बनाया गया। इन दो शहरों के मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
झारखंड किन्नर समाज के अध्यक्ष छमछम देवी के पोती व शिष्य स्वेता किन्नर झरिया के जामाडोबा में रहती है। उन्होंने अपनी शिक्षा रायपुर छत्तीसगढ़ से प्राप्त की। वहीं उनके झारखंड लोकसभा चुनाव का आइकन बनाए जाने पर किन्नर समाज मे काफी खुशी देखी जा रही है। श्वेता किन्नर ने बताया कि अब तक यहां की किन्नर समाज यही सोचती थी कि उनका काम सिर्फ लोगों के घर- घर जाकर बधाई लेना ही है, लेकिन चुनाव आयोग द्वारा उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपना उनके और उनके पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि वह खुद लोगों के बीच जा रही है, साथ ही वह अपने अन्य किन्नर साथियों के द्वारा भी लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने को कह रही है।