Edited By Khushi, Updated: 28 Mar, 2024 12:09 PM
पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना बाबूलाल के गृह जिले गिरिडीह (Giridih) से राजनीतिक उड़ान भरेंगी। वह गिरिडीह के गांडेय विधानसभा सीट से उप चुनाव लड़ेंगी।
Giridih: पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना बाबूलाल के गृह जिले गिरिडीह (Giridih) से राजनीतिक उड़ान भरेंगी। वह गिरिडीह के गांडेय विधानसभा सीट से उप चुनाव लड़ेंगी। वहीं, गांडेय से भाजपा का प्रत्याशी कौन होगा, अभी तक यह तय नहीं हो पाया है।
बता दें कि भाजपा में इस सीट के लिए कई दावेदार हैं। भाजपा के लिए झामुमो के आदिवासी-मुस्लिम समीकरण में सेंधमारी और हेमंत सोरेन के जेल जाने के बाद कल्पना के पक्ष में उपजी सहानुभूति की लहर को रोकने की चुनौती होगी। इसमें वह कहां तक सफल होती है, इस पर बहुत कुछ चुनाव परिणाम निर्भर करेगा। गौरतलब है कि पिछले लोकसभा चुनाव में झामुमो और कांग्रेस के गठबंधन के दौरान गिरिडीह सीट से जगरनाथ महतो ने चुनाव लड़ा था। उनके निधन के बाद झामुमो इस वर्ष कल्पना को गिरिडीह की नेता के रूप में स्थापित करने की तैयारी में है।
विदित हो कि झामुमो विधायक सरफराज अहमद के इस्तीफे के कारण गांडेय में उपचुनाव हो रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जेल जाने के बाद उनकी पत्नी कल्पना ने राजनीतिक पारी शुरू की है। सरफराज ने कल्पना के लिए ही अपनी सीट खाली की थी। बदले में झामुमो ने सरफराज को राज्यसभा भेज दिया है। अब कल्पना यहां से चुनाव लड़ने जा रही हैं। उन्होंने गांडेय विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार भी शुरू कर दिया है।