Edited By Nitika, Updated: 23 Jun, 2023 04:02 PM

अगले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एकता बनाने के उद्देश्य से 18 दलों के शीर्ष विपक्षी नेताओं की पहली बड़ी बैठक खत्म हो गई है। यह बैठक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सरकारी आवास पर संपन्न हुई। वहीं महाबैठक...
पटनाः अगले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एकता बनाने के उद्देश्य से 18 दलों के शीर्ष विपक्षी नेताओं की पहली बड़ी बैठक खत्म हो गई है। यह बैठक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सरकारी आवास पर संपन्न हुई। वहीं महाबैठक में नीतीश कुमार ने कहा कि 'लोकतंत्र बचाना है तो साथ आना जरूरी' है।
नीतीश-तेजस्वी ने की बैठक की मेजबानी
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की मेजबानी में यह बैठक मुख्यमंत्री आवास ‘1 अणे मार्ग' पर हुई जिसमें 30 से अधिक विपक्षी नेताओं ने भाग लिया। सूत्रों का कहना है कि इस बैठक से भाजपा के खिलाफ विपक्षी एकजुटता की रूपरेखा तैयार करने की शुरुआत हो सकती है।

बैठक में शामिल हुए ये दिग्गज नेता
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे एवं पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव, शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार ने बैठक में भाग लिया। द्रमुक नेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, नेशनल कांफ्रेस के नेता उमर अब्दुल्ला, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की नेता महबूबा मुफ्ती, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के महासचिव डी राजा, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी और कुछ अन्य नेता इस बैठक में शामिल हुए।

ये भी पढ़ेंः- "अगर हम बिहार जीतते हैं, तो हम पूरे देश में जीत सकते हैं"... पटना में बोले खड़गे
विपक्षी दल एकजुट होकर भाजपा को हराएंगे: राहुल गांधी
बैठक से पहले राहुल गांधी ने दावा किया कि विपक्षी दल एकजुट होकर भाजपा को हराएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि देश में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो' वाली विचारधारा और भारतीय जनता पार्टी एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ‘भारत तोड़ो' वाली विचारधारा के बीच लड़ाई है तथा इस लड़ाई में ‘भारत तोड़ने' वालों को हराया जाएगा। खरगे ने कहा कि विपक्षी दल एकजुट होकर आगामी लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में कहा, ‘‘हम सभी विपक्ष की पार्टियों को एक होना है और 2024 के चुनाव में मिलकर लड़ना है। इसी के तहत राहुल गांधी ने पहला कदम उठाया है। हमने सोचा है कि सभी पार्टियों के नेताओं से मिलकर बात करेंगे और आगे मिलकर कदम उठाएंगे। हमें लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए साथ मिलकर लड़ना होगा।''