Edited By Nitika, Updated: 23 Jun, 2024 02:11 PM
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गर्दनीबाग में निर्माणाधीन बापू टावर का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने बापू टावर के पांचवें एवं पहले तल पर जाकर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गर्दनीबाग में निर्माणाधीन बापू टावर का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने बापू टावर के पांचवें एवं पहले तल पर जाकर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्रथम तल पर ही बनाए गए ओरिएंटेशन हॉल में रोटेटिंग पर्दे पर गांधी जी की जीवन यात्रा से संबंधित फिल्म देखा।
निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने मुख्यमंत्री को निर्माण कार्य से संबंधित विस्तृत जानकारी दी और बताया कि निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है और इसे फिनीशिंग टच दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जो भी आगंतुक बापू टावर देखने आएंगे, वे ओरिएंटेशन हॉल में बैठकर बापू की जीवनी, उनके आदर्शों एवं कार्यों तथा बिहार की गौरव गाथा को देख सकेंगे।
वहीं नीतीश कुमार ने निरीक्षण के दौरान प्रेक्षागृह, प्रतीक्षा कक्ष, लाउंज, बापू के आदर्शों को आमजन में स्थापित करने हेतु कार्यों के प्रदर्शन के लिए दीर्घा, अनुसंधान केन्द्र, आगंतुक सुविधाएं एवं अन्य संरचनाओं की जानकारी ली।