Edited By Khushi, Updated: 19 Jul, 2024 06:11 PM

झारखंड के रांची के मोरहाबादी मैदान में आंदोलन कर रहे सहायक पुलिसकर्मी आज यानी शुक्रवार को सीएम आवास घेरने पहुंचे। इस दौरान पुलिस और सहायक पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हो गई।
रांची: झारखंड के रांची के मोरहाबादी मैदान में आंदोलन कर रहे सहायक पुलिसकर्मी आज यानी शुक्रवार को सीएम आवास घेरने पहुंचे। इस दौरान पुलिस और सहायक पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हो गई।
सहायक पुलिसकर्मी बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ गए। सहायक पुलिसकर्मियों ने पुलिस के वाहन में तोड़फोड़ की। इस दौरान पथराव हो गया जिससे दोनों पक्षों की ओर से कई लोगों के घायल होने की खबर है। इसके बाद पुलिस ने उनपर लाठीचार्ज किया जिससे एक के सिर फटने की खबर है। दरअसल सुबह में सहायक पुलिस कर्मियों का एक प्रतिनिधिमंडल झारखंड के वरीय अधिकारियों के साथ वार्ता करने गये था जहां 1 साल अनुबंध बढ़ाने और वेतन बढ़ोतरी पर सहमति बनी। वहां से वापस लौटने के बाद वे सभी उठकर सीएम आवास का घेराव करने पहुंच गए जहां उनकी पुलिस के साथ झड़प हो गयी। इस दौरान सुरक्षा बलों के जवानों ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो वह उनसे उलझ गए।
बता दें कि राज्य के उग्रवाद प्रभावित 12 जिलों की सहायक पुलिस अपनी मांगों को लेकर रांची के मोरहाबादी मैदान में अनिश्चितकालीन आंदोलन पर है। लंबे समय से आंदोलनरत राज्य के 1600 सहायक पुलिस कर्मियों ने 8 जुलाई को विशेष सत्र के दौरान विधानसभा के बाहर अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया था। कुछ दिन पहले सहायक पुलिसकर्मी राजभवन का घेराव करने जा रहे थे। इस दौरान पुलिस ने उनको मोरहाबादी मैदान में रोक दिया था। सहायक पुलिस कर्मियों का कहना है कि रघुवर दास की सरकार के दौरान 2017 में राज्य के 12 नक्सल प्रभावित जिलों में विधि व्यवस्था दुरुस्त रखने में सहायता के लिए इन सहायक पुलिस की नियुक्ति हुई थी। तब उन्हें 10 हजार रुपये मासिक दिया जाता था। सहायक पुलिसकर्मियों की मानें तो आज भी उन्हें 10 हजार रुपया ही मिलता है।