Edited By Harman, Updated: 02 Apr, 2026 04:43 PM

राजगीर जू सफारी और नेचर सफारी प्रशासन ने पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए‘प्रायोरिटी पैकेज'शुरू किया है। इस पैकेज के तहत पर्यटक एक ही टिकट पर दोनों सफारियों की सभी प्रमुख गतिविधियों का आनंद ले सकेंगे। व्यस्कों के लिए इसकी कीमत दो हजार रूपये...
Bihar News : राजगीर जू सफारी और नेचर सफारी प्रशासन ने पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए‘प्रायोरिटी पैकेज'शुरू किया है। इस पैकेज के तहत पर्यटक एक ही टिकट पर दोनों सफारियों की सभी प्रमुख गतिविधियों का आनंद ले सकेंगे। व्यस्कों के लिए इसकी कीमत दो हजार रूपये तथा बच्चों के लिए एक हजार रूपये निर्धारित की गई है।
राजगीर में ग्लास ब्रिज, जिप लाइन और जू सफारी का मजा अब एक साथ
इस पैकेज में जू सफारी प्रवेश, 180 डिग्री थिएटर, एवियरी भ्रमण, सफारी भ्रमण, नेचर सफारी प्रवेश, ग्लास ब्रिज, सस्पेंशन ब्रिज, जिप लाइन, जिप बाइकिंग, राइफल शूटिंग, आर्चरी, वॉल क्लाइंबिंग और इलेक्ट्रिक व्हीकल जैसी सुविधाएं शामिल हैं। (बच्चों के लिए जिप लाइन और जिप बाइकिंग को छोड़कर)। वहीं जेनरल टिकट का चार्ज ऑफलाइन में 250 रूपये एवं ऑनलाइन में 750 रुपये निर्धारित है। अब पैकेज लेने वाले पर्यटकों को अलग-अलग कतारों में नहीं लगना पड़ेगा क्योंकि टिकट ऑनलाइन एवं काउंटर दोनों से उपलब्ध हैं।
प्रतिदिन मिलेंगे सिर्फ 40 टिकट
प्रत्येक स्लॉट में अधिकतम 20 टिकट उपलब्ध होंगे, यानी प्रतिदिन कुल 40 टिकट ही जारी किए जाएंगे। यह पैकेज सुबह 10 बजे और दोपहर 12 बजे के स्लॉट में उपलब्ध रहेगा। विशेष प्रशिक्षित गाइड हिंदी और अंग्रेजी में पर्यटकों को जानकारी देंगे। राजगीर जू सफारी के निदेशक राम सुन्दर एम और नालंदा वन प्रमंडल पदाधिकारी राजकुमार एम ने बताया कि यह विशेष पैकेज परिवारों, विदेशी पर्यटकों तथा बौद्ध सर्किट के यात्रियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी साबित होगा। उन्होंने बताया कि इस पैकेज से पर्यटक समय की बचत के साथ- साथ बेहतर अनुभव भी ले सकेंगे।
प्रायोरिटी पैकेज के साथ मिलेगी गाइड और कूलर की सुविधा
वहीं गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए पर्यटकों की सुविधा के लिए जगह-जगह वेटिंग एरिया में कूलर, ओआरएस का घोल और ठंडे पेयजल की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा वेटिंग शेड, बस वेटिंग शेड, एंट्रेंस प्लाजा और अन्य विभिन्न स्थानों पर शेड का निर्माण भी कराया गया है। राजगीर जू सफारी और नेचर सफारी में ग्लास ब्रिज, जिप लाइन, जिप बाइकिंग और आर्चरी शूटिंग पर्यटकों के सबसे पसंदीदा आकर्षण बने हुए हैं। इन लोकप्रिय स्थलों पर प्रतिदिन हजार से 12 सौ पर्यटकों की आवाजाही बनी रहती है। पिछले तीन महीनों में इन आकर्षणों पर एक लाख 37 हजार 855 से अधिक पर्यटक घूमने आए हैं। पर्यटकों की सुविधा के लिए यहां बस की व्यवस्था की गई है, जिसमें सवार होकर वे विभिन्न जगहों का भ्रमण कर सकते हैं। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर ऑटोरिक्शा भी किराए पर उपलब्ध कराया जाता है। इन सुविधाओं और आकर्षणों के कारण राजगीर जू सफारी और नेचर सफारी पर्यटकों के बीच लगातार लोकप्रियता हासिल कर रहा है।