Edited By Ramanjot, Updated: 28 Apr, 2026 12:46 PM

राजद नेता ने आरोप लगाया कि बीते 21 वर्षों की नीतीश-भाजपा की खराब नीतियों के कारण बिहारवासियों को मजबूरन दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ता है, और दूसरे राज्यों में उन्हें सम्मान के बजाय भेदभाव, संदेह और प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है।
Tejashwi Yadav: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर हमला करते हुए आरोप लगाया है कि मौजूदा व्यवस्था में 'बिहारी होना' ही सबसे बड़ा अपराध और देशद्रोह हो गया है।
तेजस्वी यादव ने मंगलवार को बयान जारी कर कहा कि दिल्ली में खगड़िया निवासी 23 वर्षीय युवक पांडव कुमार की कथित तौर पर सिर्फ ‘बिहारी' होने की वजह से गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका दोस्त कृष्ण गंभीर हालत में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि देश की राजधानी में जहां यह घटना हुई, वहां से लेकर केंद्र तक सभी स्तरों पर भाजपा की सरकार है, इसके बावजूद एक मेहनतकश बिहारी युवक की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो सकी। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा के किसी नेता में इतनी हिम्मत है कि आरोपी पुलिसकर्मी को सख्त सजा दिला सके।
राजद नेता ने आरोप लगाया कि बीते 21 वर्षों की नीतीश-भाजपा की खराब नीतियों के कारण बिहारवासियों को मजबूरन दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ता है, और दूसरे राज्यों में उन्हें सम्मान के बजाय भेदभाव, संदेह और प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जिस दिल्ली पुलिस पर लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, उसी ने‘बिहारी होने'मात्र से अपराधी मान लिया और गोली मार दी, इससे अधिक निंदनीय घटना क्या हो सकती है।
यादव ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और आरोपी को कड़ी सजा दिलाई जाए। उन्होंने इस घटना को बिहार और बिहारवासियों के सम्मान पर हमला बताते हुए कहा कि पीड़ति परिवार को अविलंब न्याय मिलना चाहिए।