Edited By Harman, Updated: 02 Apr, 2026 02:06 PM

बिहार के किशनगंज में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एसडीपीओ गौतम कुमार की कथित अवैध संपत्ति का खुलासा किया है। छापेमारी के दौरान करोड़ों रुपये की संपत्ति, लग्जरी वाहन और निवेश से जुड़े दस्तावेज बरामद होने के...
Bihar News : बिहार के किशनगंज में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एसडीपीओ गौतम कुमार की कथित अवैध संपत्ति का खुलासा किया है। छापेमारी के दौरान करोड़ों रुपये की संपत्ति, लग्जरी वाहन और निवेश से जुड़े दस्तावेज बरामद होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
80 करोड़ की संपत्ति
EOU की जांच में सामने आया है कि 1994 बैच के दारोगा से पदोन्नत होकर एसडीपीओ बने गौतम कुमार ने अपने पद का दुरुपयोग कर करीब 80 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की। यह संपत्ति उनकी वैध आय से लगभग 60.27 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है।
माफियाओं से संबंध के आरोप
जांच एजेंसी के अनुसार, गौतम कुमार के संबंध कोयला, शराब और लॉटरी माफियाओं के साथ-साथ सुपारी तस्करों से भी जुड़े हुए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी पुलिस मुख्यालय ने उन्हें तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है। साथ ही मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के लिए मामला प्रवर्तन निदेशालय (ED) को सौंपने की तैयारी की जा रही है।
कई शहरों में छापेमारी
EOU ने पटना, पूर्णिया, किशनगंज के अलावा नोएडा और गुरुग्राम में स्थित कुल 6 ठिकानों पर छापेमारी की। जांच में सामने आया कि अधिकारी ने अपने नाम पर कोई संपत्ति नहीं खरीदी, बल्कि पत्नी, सास और एक महिला मित्र के नाम पर निवेश किया।
संपत्तियों का ब्यौरा
पूर्णिया में 16 प्लॉट
जांच के दौरान 25 से अधिक जमीन के दस्तावेज मिले। अकेले पूर्णिया में 16 प्लॉट खरीदे गए, जिनमें 7 महिला मित्र सगुप्ता शमीम, 4 पत्नी रुबी कश्यप, 3 सास और 1 बेटे के नाम पर हैं।
अलीशान मकान, लग्जरी गाड़ियां तथा नकदी और जेवर
पूर्णिया के कोरटवाड़ी में करीब 2.50 करोड़ रुपये का चार मंजिला मकान मिला है। इसके अलावा पटना के मुन्नाचक में एक भव्य पैतृक मकान और चार अन्य भूखंडों के कागजात भी बरामद हुए हैं। छापेमारी में दो थार और एक क्रेटा कार मिली। इनमें से एक थार सास के नाम पर और दूसरी किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है। महिला मित्र के नाम पर एक ट्रक भी खरीदा गया है। कार्रवाई के दौरान 1.37 लाख रुपये नकद, बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और महंगी घड़ियां बरामद हुईं। महिला मित्र के घर से जेवर खरीद की 10 रसीदें भी मिली हैं।
अस्पताल की योजना और वित्तीय निवेश के दस्तावेज बरामद
पटना में एक निजी नर्सिंग होम खोलने से संबंधित विस्तृत नक्शा और योजना के दस्तावेज भी मिले हैं। बीमा पॉलिसियों और विभिन्न वित्तीय संस्थानों में करोड़ों रुपये के निवेश के दस्तावेज भी सामने आए हैं। साथ ही नोएडा और गुरुग्राम में प्रॉपर्टी से संबंधित महत्वपूर्ण डीड भी मिली हैं।
गौतम कुमार का निलंबन तय
फिलहाल गौतम कुमार को पुलिस मुख्यालय में योगदान करने का निर्देश दिया गया है और उनके निलंबन की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। उनके स्थान पर मंगलेश कुमार सिंह को किशनगंज एसडीपीओ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।