थाने के अंदर SHO की शर्मनाक हरकत कैमरे में कैद, वायरल VIDEO से मचा हड़कंप

Edited By Ramanjot, Updated: 02 Apr, 2026 05:38 PM

sho s shameful act was caught on camera goes viral

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसपी अमित रंजन ने इसे गंभीरता से लिया है। पुपरी डीएसपी को मामले की जांच सौंपते हुए दोषी पुलिस अधिकारी पर कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।

Bihar News : बिहार के सीतामढ़ी जिले में खाकी एक बार फिर दागदार हुई है। अपने पति की हत्या की शिकायत लेकर थाने पहुंची एक बेबस विधवा और उसके देवर को इंसाफ देने के बजाय, भिट्ठा थानाध्यक्ष ने अभद्र गालियों से नवाजा। रक्षक के भक्षक बनने का यह शर्मनाक मामला अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने जिला पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 

क्या है पूरा मामला? 

चोरौत थाना क्षेत्र के दामोदरपट्टी सिमरी की रहने वाली अनीता देवी के अनुसार, बीती 13 मार्च 2026 की रात उनके पति श्याम महतो को गांव के ही तीन दबंग- सुशील हाथी, सरोज हाथी और महेश्वर हाथी एक बारात में ले जाने के बहाने घर से बुलाकर ले गए थे। अगली सुबह (14 मार्च) श्याम महतो का शव भिट्ठा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे मिला। शव पर चोट के गहरे निशान थे, जिससे साफ था कि उनकी बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या की गई थी। पीड़िता का आरोप है कि पुरानी जमीनी रंजिश के चलते इन तीनों ने मिलकर उसके पति की हत्या की और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को दूसरे थाना क्षेत्र में फेंक दिया। 

खाकी का खौफनाक चेहरा

पीड़िता जब न्याय के लिए भिट्ठा थाना पहुंची, तो वहां का मंजर हैरान करने वाला था। थानाध्यक्ष ने सहानुभूति दिखाने के बजाय पीड़िता पर सादे कागज पर अंगूठा लगवाने और साइन करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर थानाध्यक्ष ने विधवा महिला और उसके देवर को सरेआम ऐसी गंदी गालियां दीं जिसे सभ्य समाज में सुना भी नहीं जा सकता। आरोप है कि पुलिस ने जबरन शव को टेंपो में लादकर भेज दिया और चुपचाप अंतिम संस्कार करने की धमकी दी। 

वीडियो वायरल होने के बाद एक्शन में महकमा 

थाने के भीतर हुई इस बदसलूकी का किसी ने वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो के संज्ञान में आते ही एसपी अमित रंजन ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने पुपरी डीएसपी को इस पूरे प्रकरण की जांच का आदेश दिया है।  पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर दोषी पुलिस अधिकारी के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। 

पीड़िता को अब भी मिल रही हैं धमकियां 

एसपी को दी गई लिखित शिकायत में अनीता देवी ने बताया कि थानाध्यक्ष आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। हत्या के नामजद आरोपी अब पीड़िता और उसके चार मासूम बेटों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। बदहवास विधवा ने अब पुलिस कप्तान से सुरक्षा की गुहार लगाई है और मांग की है कि हत्या की एफआईआर (FIR) दर्ज कर दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाए।
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!