Edited By Ramanjot, Updated: 18 Jul, 2026 05:38 PM

महिला के पास से दो मोबाइल फोन, दो बैग, एक पेन ड्राइव, अमेरिकी डॉलर, 100 रुपए की भारतीय मुद्रा और 62,100 रुपए की नेपाली मुद्रा जब्त की गई है।
Motihari News: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में अवैध रूप से रह रही उज्बेकिस्तान की एक महिला को कथित तौर पर नेपाल फरार होने के प्रयास के दौरान सुरक्षा बलों ने गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। यह गिरफ्तारी सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने मोतिहारी पुलिस के साथ एक साझा कार्रवाई में गुरुवार को जिले के मैत्री पुल के पास की।
गिरफ्तार महिला की पहचान उज्बेकिस्तान के खोंकक गांव की रहने वाली शाकरजोन बोजोरोवा (31) के रूप में हुई है। मोतिहारी पुलिस की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, पूछताछ के दौरान महिला ने खुलासा किया कि वह पिछले एक साल से मुंबई में अवैध रूप से रह रही थी।
अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में हरैया पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आव्रजन व विदेशी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि महिला के पास से दो मोबाइल फोन, दो बैग, एक पेन ड्राइव, अमेरिकी डॉलर, 100 रुपए की भारतीय मुद्रा और 62,100 रुपए की नेपाली मुद्रा जब्त की गई है।