Edited By Ramanjot, Updated: 08 Sep, 2026 01:42 PM

गांधी घाट पर जलस्तर 50.31 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 50.58 मीटर से नीचे है।
पटना: गंगा-सोन बाढ़ सुरक्षा प्रमंडल, दीघा स्थित बाढ़ नियंत्रण कक्ष की मंगलवार सुबह छह बजे की रिपोर्ट के अनुसार बिहार की राजधानी पटना और आसपास के क्षेत्रों में गंगा का जलस्तर कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर होने के बावजूद पटना शहरी सुरक्षा दीवार समेत सभी संबंधित तटबंध सुरक्षित हैं। आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार मनेर में गंगा का जलस्तर 53.40 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 52 मीटर से 1.40 मीटर ऊपर है। पटना के दीघा घाट में गंगा 50.54 मीटर पर बह रही है।
गांधी घाट पर जलस्तर 50.31 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 50.58 मीटर से नीचे है। हाथीदह में गंगा का जलस्तर 43.41 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 41.76 मीटर से 1.65 मीटर अधिक है। मुंगेर में भी गंगा 40.08 मीटर पर बह रही है, जो खतरे के निशान 39.33 मीटर से 0.75 मीटर ऊपर है। वहीं, बक्सर में गंगा का जलस्तर 60.12 मीटर रहा, जो खतरे के निशान से 0.20 मीटर नीचे है। गंगा के अलावा पुनपुन नदी भी कुछ स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर है। अरवल जिले के किंजर में इसका जलस्तर 65.67 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 65 मीटर से 0.67 मीटर ऊपर है।
यह भी पढ़ें- दो साल तक लिव-इन रिलेशनशिप, अब शादी का दबाव बनाने पर 7 महीने की गर्भवती प्रेमिका की हत्या
पटना जिले के श्रीपालपुर में पुनपुन 53.55 मीटर पर बह रही है, जबकि खतरे का निशान 50.60 मीटर है। यहां नदी खतरे के निशान से 2.95 मीटर ऊपर है। सोन नदी का जलस्तर फिलहाल खतरे के निशान से नीचे है। इंद्रपुरी में सोन 102.90 मीटर, कोईलवर में 53.88 मीटर और पालमेरगंज में 94.06 मीटर दर्ज की गई। इन तीनों स्थानों पर जलस्तर संबंधित खतरे के निशान से नीचे है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष की खैरियत रिपोर्ट के अनुसार, पटना शहरी सुरक्षा दीवार के विभिन्न हिस्से, सोन नदी से संबंधित सुरक्षा दीवार, दानापुर वितरणी तटबंध तथा देवना और उसरी नालों के दाएं-बाएं तटबंध सुरक्षित हैं। अधिकारियों के अनुसार नदियों के जलस्तर और बाढ़ सुरक्षा संरचनाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।