Edited By Harman, Updated: 18 Aug, 2025 09:42 AM

झारखंड के गढ़वा जिले में रविवार को ग्रामीणों द्वारा कथित तौर पर किए गए हमले में छह पुलिसकर्मियों समेत कम से कम 10 लोग घायल हो गए।
गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में रविवार को ग्रामीणों द्वारा कथित तौर पर किए गए हमले में छह पुलिसकर्मियों समेत कम से कम 10 लोग घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
परिवारिक विवाद में बंधक बनाए गए कुछ लोगों को छुड़ाने गई थी पुलिस
पुलिस अधिकारी के मुताबिक यह घटना सदर थाना क्षेत्र के गुरदी गांव की है, जहां पुलिस एक पारिवारिक विवाद में ग्रामीणों द्वारा बंधक बनाए गए कुछ लोगों को छुड़ाने गई थी। गढ़वा थाने के प्रभारी बृज कुमार ने कहा, ‘‘ तकसीर खान नाम के एक व्यक्ति ने शनिवार रात किसी विवाद के बाद अपनी पत्नी रकीबा खातून पर कथित तौर पर हमला कर दिया। रविवार को रकीबा के पिता और अन्य रिश्तेदार पति-पत्नी के बीच विवाद सुलझाने के लिए गुरदी गांव पहुंचे। लेकिन तकसीर खान के परिवार और ग्रामीणों के एक समूह ने उन पर हमला कर दिया।'' उन्होंने बताया कि जैसे ही सूचना पुलिस तक पहुंची छह सदस्यीय पुलिस दल को गांव भेजा गया, लेकिन ग्रामीणों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे सभी छह लोग घायल हो गए।
दो पुलिसकर्मियों समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल
गढ़वा थाने के प्रभारी बृज कुमार ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए गांव में अतिरिक्त बल भेजा गया है। उन्होंने कहा, ‘‘ गांव में स्थिति नियंत्रण में है। दो पुलिसकर्मियों समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। '' थाना प्रभारी कुमार ने कहा कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।