Edited By Khushi, Updated: 20 Nov, 2022 06:00 PM
झारखंड के गुमला जिले से रिश्ते को तार-तार कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां जमीनी विवाद में दामाद ने ससुर की निर्मम हत्या कर दी।
गुमला: झारखंड के गुमला जिले से रिश्ते को तार-तार कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां जमीनी विवाद में दामाद ने ससुर की निर्मम हत्या कर दी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस ने आरोपी दामाद को गिरफ्तार कर लिया है।
दामाद ने कुल्हाड़ी से की ससुर की हत्या
मामला जिले के बिशनपुर थाना क्षेत्र के केचकी ढंकाटोली का है। जानकारी के मुताबिक 68 वर्षीय मृतक फगुवा उरांव मवेशी चराने जंगल गया था। वहां से लौंटने के दौरान घर के पीछे आरोपी दामाद सीताराम उरांव ने ससुर को अपने पास बुलाया और घर से कुल्हाड़ी लाकर ससुर पर वार कर दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी घर में जाकर छिप गया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जमीनी विवाद को लेकर होता था झगड़ा
बताया जा रहा है कि आरोपी दामाद सीताराम उरांव कई वर्षों से अपने ससुराल में रह रहा था। उसको रहने के लिए ससुर ने जमीन भी दी थी, लेकिन वह और जमीन देने की मांग कर रहा था। यहां तक कि इसी बात पर हमेशा उनके बीच विवाद होता रहता था। वहीं, आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी देता था।