Edited By Ramanjot, Updated: 21 Sep, 2026 02:50 PM

स्थानीय युवकों ने बच्चों को पोखर से बाहर निकालकर सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले में कर्मा-धर्मा पर्व के अवसर पर सोमवार को बड़ा हादसा हो गया, जहां तालाब में स्नान के दौरान तीन लड़कियों समेत छह बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 10:30 बजे सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के तरैटा बहियार स्थित एक तालाब में हुआ, जहां बच्चे कर्मा-धर्मा पर्व पर अनुष्ठानिक स्नान करने गए थे। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान पूजा कुमारी (13), राहुल कुमार (14), विकास कुमार (13), आयुष कुमार (12), मीनाक्षी कुमारी उर्फ मिंकी (12) और ज्योति कुमारी (14) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, नहाने के दौरान एक बच्चा गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में अन्य बच्चे भी पानी में उतर गए और सभी छह बच्चे डूब गए।
यह भी पढ़ें- 5 दिन तक बदला रहेगा मौसम का मिजाज, झारखंड के 8 जिलों में होगी भारी बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात की भी चेतावनी
स्थानीय युवकों ने बच्चों को पोखर से बाहर निकालकर सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुल्तानगंज के अंचल अधिकारी रमन कुमार और थाना अध्यक्ष धनंजय कुमार मौके पर पहुंचे तथा घटना की जांच शुरू की। अंचल अधिकारी रमन कुमार ने संवाददाताओं से कहा कि शोकाकुल परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी तथा नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।