5 दिन तक बदला रहेगा मौसम का मिजाज, झारखंड के 8 जिलों में होगी भारी बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात की भी चेतावनी

Edited By Ramanjot, Updated: 21 Sep, 2026 02:08 PM

heavy rain warning for eight districts of jharkhand

​​​​​​​मौसम विभाग के अनुसार सितंबर के अंतिम सप्ताह में बंगाल की खाड़ी में बनने वाली मौसमी गतिविधियों का असर झारखंड पर पड़ सकता है। 25 से 28 सितंबर के आसपास राज्य के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

रांची: झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 25 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं मेघ गर्जन, वज्रपात और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के भी आसार हैं। 

50 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार, 21 सितंबर को राज्य के कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। 22 सितंबर को तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है और हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। वज्रपात के दौरान लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। 23 सितंबर को राज्य के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की प्रबल संभावना है। इस दिन दक्षिण-पूर्वी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां तथा मध्य झारखंड के रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो और धनबाद में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ गरज और वज्रपात की भी चेतावनी है। 

रांची में 21 से 25 सितंबर तक छाए रहेंगे बादल
24 सितंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के साथ तेज हवा, गरज और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। 24 और 25 सितंबर को राज्य के लगभग सभी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या मेघ गर्जन के साथ बौछार पड़ने की संभावना है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने से लोगों को उमस से राहत मिल सकती है। राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में 21 से 25 सितंबर तक मौसम मुख्यत: बादलयुक्त रहने का अनुमान है। 21 सितंबर को एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 32 और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 22 सितंबर को भी आसमान में बादल छाए रहने और एक-दो बार बारिश होने का अनुमान है।

कुछ स्थानों पर हो सकती है भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, सितंबर के अंतिम सप्ताह में बंगाल की खाड़ी में बनने वाली मौसमी गतिविधियों का असर झारखंड पर पड़ सकता है। 25 से 28 सितंबर के आसपास राज्य के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। हालांकि, इसकी स्थिति आने वाले दिनों में और स्पष्ट होगी। राज्य में मानसून की वापसी में अभी समय है। सामान्य परिस्थितियों में झारखंड से मानसून की वापसी अक्तूबर के पहले या दूसरे सप्ताह के आसपास शुरू होती है। मानसून की वापसी केवल तारीख के आधार पर नहीं, बल्कि मौसम संबंधी परिस्थितियों के आधार पर निर्धारित की जाती है। 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!