Edited By Ramanjot, Updated: 06 Aug, 2025 05:50 PM

बिहार पुलिस बल के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में सिपाहियों का एक साथ बुनियादी प्रशिक्षण शुरू किया गया है। वर्ष 2025 में नियुक्त हुए कुल 21,391 नवसिपाहियों का प्रशिक्षण 21 जुलाई से प्रारंभ हो चुका है।
पटना: बिहार पुलिस बल के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में सिपाहियों का एक साथ बुनियादी प्रशिक्षण शुरू किया गया है। वर्ष 2025 में नियुक्त हुए कुल 21,391 नवसिपाहियों का प्रशिक्षण 21 जुलाई से प्रारंभ हो चुका है। इस संख्या में 10,207 पुरुष, 11,176 महिलाएं और 8 परलैंगिक सिपाही शामिल हैं। साथ ही, पूर्व नियुक्त 1,060 सिपाही, जिनका प्रशिक्षण नहीं हुआ था, उन्हें भी इस प्रशिक्षण सत्र में शामिल किया गया है।
22300 से अधिक सिपाहियों के प्रशिक्षण की ऐतिहासिक चुनौती
एक साथ 22,300 से अधिक पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण देना बिहार के लिए एक बड़ी प्रशासनिक एवं लॉजिस्टिक चुनौती है, लेकिन गृह विभाग और प्रशिक्षण निदेशालय की सूझबूझ से इसे सुनियोजित ढंग से शुरू किया गया है।
प्रशिक्षण की अवधि कुल 09 महीने की होगी। प्रशिक्षण के लिए राज्य के 33 जिलों, बिहार सैन्य पुलिस (बि.वि.स.पु.) की 15 इकाइयों, और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) के विशेष केंद्रों का चयन किया गया है।
प्रशिक्षण केंद्रों का विस्तृत वितरण
जिला स्तरीय प्रशिक्षण केंद्रों में:
8,965 पुरुष सिपाहियों को प्रशिक्षण मिलेगा।
बिहार सैन्य पुलिस (बि.वि.स.पु.) केंद्रों में:
10,499 महिला सिपाहियों का प्रशिक्षण होगा।
CAPF केंद्रों में:
CRPF चंदौली व मोकामा में 614 पुरुष व 685 महिला सिपाहियों का प्रशिक्षण।
SSB बगहा, बेतिया, सीतामढ़ी में कुल 628 पुरुष सिपाही प्रशिक्षित किए जाएंगे।
अनुदेशक व्यवस्था और भत्ते
सभी प्रशिक्षण केन्द्रों पर कुल 1,470 अनुदेशकों की नियुक्ति की गई है, जिनमें:
- 490 अंतः अनुदेशक
- 980 बाह्य अनुदेशक
सभी अंतः अनुदेशकों को बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर में विशेष परिचयात्मक (Orientation) प्रशिक्षण पहले ही दिया जा चुका है। वर्तमान में इन्हें 12% प्रशिक्षण भत्ता दिया जा रहा है, जिसे बढ़ाकर 20% किए जाने का प्रस्ताव भेजा गया है।
नया पाठ्यक्रम, नई सोच
बदलते कानून और टेक्नोलॉजी के युग में, प्रशिक्षण को अधिक प्रासंगिक और उपयोगी बनाने के लिए तीन भागों में नया पाठ्यक्रम तैयार किया गया है। यह पाठ्यक्रम 1,100 से अधिक पृष्ठों का है और इसकी निःशुल्क प्रति सभी प्रशिक्षुओं को दी जा रही है।
मेस व्यवस्था: JEEVIKA से समझौता
प्रशिक्षण के दौरान भोजन एवं मेस प्रबंधन को सुव्यवस्थित करने के लिए पुलिस मुख्यालय ने JEEVIKA संस्था के साथ अनुबंध किया है। इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि गुणवत्तापूर्ण भोजन भी सुनिश्चित किया जा सकेगा।
प्रशिक्षण बजट के लिए विशेष व्यवस्था
सभी प्रशिक्षण केन्द्रों को प्रशिक्षण से जुड़े खर्चों के लिए अलग Training Head सृजित कर विशेष बजट आवंटित किया गया है, जिससे व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा सके।